
- लखनऊ मेट्रो में छात्राओं के साथ अभद्रता
- नशे में धुत युवक ने मचाया उत्पात, यात्रियों से की बदसलूकी
- सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, मेट्रो प्रशासन ने शुरू की जांच
लखनऊ। राजधानी की प्रतिष्ठित लखनऊ मेट्रो में शुक्रवार को एक शर्मनाक घटना सामने आई। दोपहर करीब 2 से 3 बजे के बीच केडी सिंह स्टेडियम से आलमबाग की ओर जा रही मेट्रो में एक नशे में धुत युवक ने जमकर हंगामा किया और छात्राओं के साथ अभद्रता की।
युवक मेट्रो में सवार होते ही छात्राओं के सामने वाली सीट पर बैठ गया और उन्हें अश्लील इशारे करने लगा। इससे छात्राएं बेहद असहज हो गईं। युवक ने अन्य यात्रियों से भी अपशब्द कहे और अजीब व्यवहार किया। जब यात्रियों ने उसे टोका, तो वह और भड़क गया और पूरे रूट पर उत्पात मचाता रहा।
इस पूरी घटना का एक यात्री ने वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। मेट्रो प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। सुरक्षा टीम सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की पहचान की जा रही है।
सीसीटीवी में कैद हुई हरकतें
मेट्रो के हर कोच में लगे सीसीटीवी कैमरों में युवक की अश्लील हरकतें कैद हो गई हैं। UPMRC की सुरक्षा टीम फुटेज की गहन समीक्षा कर रही है ताकि आरोपी युवक की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जा सके।
UPMRC का बयान
उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (UPMRC) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “हम घटना की जांच कर रहे हैं। यदि किसी महिला या अन्य यात्री को असुविधा हुई है तो हम खेद प्रकट करते हैं। ऐसे व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”







