मौके से देसी कट्टा, कारतूस, बाइक, नकदी और तस्करी से जुड़े दस्तावेज बरामद
एएनटीएफ लखनऊ की टीम ने विशेष रणनीति के तहत दोनों को दबोचा
पुलिस तस्करी नेटवर्क के अन्य लोगों की तलाश में दबिश दे रही है
लखनऊ। रविवार देर रात मोहनलालगंज इलाके की कनकहा चौकी के पास पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस ने 50 हजार रुपए के इनामी ड्रग्स तस्कर पंकज त्रिपाठी को दौड़ाकर गोली मारी। गोली उसके दाहिने पैर में लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पंकज त्रिपाठी के साथ उसके साथी नरेंद्र को भी गिरफ्तार किया गया।
पंकज त्रिपाठी कौशांबी से लेकर राजधानी तक गांजा और अन्य ड्रग्स की तस्करी में सक्रिय था। उसके ऊपर कौशांबी के थाना सैनी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे भी दर्ज हैं। भारी मात्रा में मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े होने के कारण उस पर 50 हजार रुपए का इनाम घोषित था।
मुठभेड़ के दौरान पंकज और उसके साथी ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसका पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए उत्तर दिया। घटना स्थल से 0.315 बोर का देसी कट्टा, दो खाली खोखे, एक जिंदा कारतूस, मोटरसाइकिल, 2,050 रुपए नकद और तस्करी से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक, ये दस्तावेज तस्करी नेटवर्क को उजागर करने में अहम साबित हो सकते हैं।
एएनटीएफ लखनऊ की टीम को पंकज की गतिविधियों की लगातार जानकारी मिल रही थी। इस पर विशेष टीम बनाकर उसे पकड़ने की रणनीति बनाई गई। गिरफ्तारियों के बाद एडीडीसीपी साउथ और एसीपी मोहनलालगंज ने मौके का निरीक्षण किया।








