
- मामूली विवाद में 2 साल के मासूम की गिरने से मौत
- पत्नी का आरोप: पति ने पटक दिया बच्चा
- पति हिरासत में, पुलिस कर रही जांच
कानपुर। सेन पश्चिमपारा थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पति-पत्नी के मामूली विवाद में उनके दो साल के बेटे की गिरकर मौत हो गई। मृतक बच्चे के परिजनों का आरोप है कि पिता की गोद से बच्चा गिरा, जबकि मां ने पति पर बच्चे को पटकने का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस ने पिता को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
शादी के छह महीने बाद ही शुरू हो गए थे विवाद
पीड़ित परिवार के अनुसार, मनोज उर्फ मयंक सैनी की शादी दीक्षा से तीन साल पहले हुई थी। शादी के कुछ महीनों बाद ही दोनों के रिश्ते में दरार आने लगी थी। मनोज के पिता रामबाबू ने बताया कि दीक्षा अक्सर मायके जाने की जिद करती थी, जिससे पति-पत्नी में अक्सर झगड़े होते थे।
इलाज के लिए चल रही थी तैयारी, लेकिन हो गया हादसा
परिवार के मुताबिक, मृतक स्वास्तिक के दिल में छेद था और उसका इलाज कराने की तैयारी चल रही थी। गुरुवार को स्वास्तिक को बुखार आया था, जिसके इलाज के लिए मनोज और दीक्षा अस्पताल गए थे। लौटने के बाद मायके जाने की बात पर फिर से विवाद हुआ और बच्चे की छीना-झपटी में वह नीचे गिर पड़ा। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
पत्नी ने लगाए गंभीर आरोप
बच्चे की मां दीक्षा और मामा शोभित सैनी ने मनोज पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि गुस्से में उसने बच्चे को पटक दिया और फिर कमरे में बंद कर दिया। दीक्षा ने घंटों मिन्नतें कीं लेकिन मनोज ने दरवाजा नहीं खोला। आठ घंटे बाद जब दरवाजा खुला तो बच्चा अचेत था। परिजनों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।
नाना का दर्द, “मेरी बिटिया सीधी थी”
बच्चे के नाना प्रभास ने बताया कि उन्होंने दामाद को कई बार बच्चे के इलाज के लिए पैसे भी दिए, लेकिन इलाज में लापरवाही बरती गई। उन्होंने ससुराल वालों पर बेटी को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के भी आरोप लगाए।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने पति मनोज को हिरासत में ले लिया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।








