
- क्रू मेंबर ने समय रहते देखा, पायलट ने ATC से संपर्क किया
- फ्लाइट को रनवे से वापस एप्रन पर लाया गया, सभी यात्रियों को उतारा गया
- आरोपी यात्री हिरासत में, शांतिभंग में चालान
वाराणसी। वाराणसी एयरपोर्ट पर गुरुवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक फ्लाइट यात्री ने उड़ान से ठीक पहले विमान के इमरजेंसी गेट के हैंडल का कवर खोल दिया। यह घटना अकासा एयरलाइंस की फ्लाइट QP-1491 में हुई, जो बेंगलुरु के लिए रवाना होने वाली थी। पायलट ने तत्काल एटीसी (एयर ट्रैफिक कंट्रोल) से संपर्क किया और फ्लाइट को रनवे से वापस एप्रन पर लाया गया।
क्रू मेंबर ने समय रहते देखी हरकत, बड़ा हादसा टला
घटना रात करीब 7:55 बजे की है। फ्लाइट रनवे पर टेक-ऑफ के लिए तैयार थी, तभी क्रू मेंबर की नजर एक पैसेंजर की हरकत पर पड़ी। वह इमरजेंसी गेट के हैंडल कवर को खोलने की कोशिश कर रहा था। क्रू ने तुरंत पायलट को सूचना दी और सावधानी बरतते हुए सभी यात्रियों को फ्लाइट से नीचे उतार दिया गया।
आरोपी पहली बार कर रहा था हवाई यात्रा
यात्री की पहचान अजय तिवारी, निवासी लंभुआ, सुल्तानपुर (उ.प्र.) के रूप में हुई है। फूलपुर थाना पुलिस के अनुसार, वह तमिलनाडु के करूर में सीमेंट फैक्ट्री में बूम लिफ्ट ऑपरेटर के रूप में कार्य करता है और पहली बार फ्लाइट से यात्रा कर रहा था।
पूछताछ में अजय ने बताया, “मैं पहली बार फ्लाइट में बैठा था, इंस्ट्रक्शन पढ़कर देख रहा था कि इमरजेंसी में गेट कैसे खुलता है। इसलिए गलती से कवर हटा दिया।” वह अपनी गलती पर पछता रहा है और हिरासत में रोने लगा।
सीट इमरजेंसी गेट के पास थी, यात्रियों ने बताया संदिग्ध गतिविधियां
घटना के समय अजय सीट नंबर 16A पर बैठा था, जो इमरजेंसी गेट के पास थी। यात्रियों के अनुसार, वह शुरुआत से ही अजीब व्यवहार कर रहा था। जब उसने गेट से छेड़छाड़ शुरू की तो क्रू मेंबर्स सतर्क हो गए और गेट का कवर दोबारा सही से फिट किया।








