
अम्बेडकर नगर। कस्बा जलालपुर में बुधवार को हजरत इमाम मेहंदी (अ.स.) यौमे विलादत के अवसर पर नि:शुल्क मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम आई.एम. होप एजुकेशनल ट्रस्ट एंड वेलफेयर सोसाइटी की पहल पर मेदांता अस्पताल और नोबेलरे सोसाइटी के सहयोग से आयोजित हुआ। कैंप में ग्रामीण, कस्बाई और शहरी क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया।
विशेषज्ञ चिकित्सकों की रही टीम
मेडिकल कैंप में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने ब्लड प्रेशर, शुगर, हीमोग्लोबिन, टीबी जांच, एक्स-रे सहित विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य जांच की। मरीजों को नि:शुल्क परामर्श और आवश्यक चिकित्सकीय सुझाव भी दिए गए। आयोजन स्थल पर सुबह से ही लोगों की भीड़ रही।
संस्था के सदर ने रखे विचार
आई.एम. होप एजुकेशनल ट्रस्ट एंड वेलफेयर सोसाइटी के सदर फैजान मेहंदी ने कहा कि सभी जाति और धर्म के गरीब, बेसहारा, बेवा महिलाओं और यतीम बच्चों की सेवा ही असली इंसानियत है। उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर वर्गों की मदद से ही सामाजिक संतुलन बना रहता है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ख्वाजा शिफाअत हुसैन, चेयरमैन अल इमाम चैरिटेबल ट्रस्ट, ने कहा कि नि:शुल्क मेडिकल कैंप के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने आई.एम. होप संस्था के कार्यों की सराहना की।
जानिसार हुसैन ने सामाजिक जागरूकता को विकास की नींव बताया। मौलाना सुहैल असगर ने कहा कि बीमार और असहाय लोगों की मदद सामाजिक और धार्मिक जिम्मेदारी है। मौलाना मोहम्मद अब्बास रिज़वी ने शिक्षा और स्वास्थ्य को समाज की रीढ़ बताया।
मेदांता अस्पताल के डॉक्टरों और उनकी टीम को मोमेंटो और सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में नासिर अली, मोहम्मद औन, तुफैल अब्बास, मजहर अब्बास, साहिल अब्बास, कासिम, नदीम, अबू तालिब और शब्बर रज़ा सहित कई लोग मौजूद रहे।








