
अम्बेडकरनगर। अम्बेडकरनगर में बहुजन समाज पार्टी के तत्वाधान में संत गाडगे जयंती के अवसर पर पूर्वांचल कार्यालय अकबरपुर में भव्य विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अयोध्या मंडल के प्रभारी एवं सदस्य जिला पंचायत अरविंद गौतम ने संबोधित करते हुए संत गाडगे महाराज के जीवन और उनके समाज सुधारक कार्यों पर प्रकाश डाला।
अरविंद गौतम ने कहा कि संत गाडगे महाराज ने समाज से कुरीतियों को दूर करने, स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुँचाने और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए जीवनभर निरंतर कार्य किया। उन्होंने महाराष्ट्र के कोने-कोने में धर्मशालाओं, गौशालाओं, विद्यालयों, चिकित्सालयों और छात्रावासों का निर्माण कराया। इसके बावजूद अपने लिए उन्होंने एक कुटिया तक नहीं बनवाई और धर्मशालाओं के बरामदे या वृक्षों के नीचे रहकर जीवन व्यतीत किया। उन्होंने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि बच्चों के भविष्य के लिए एक रोटी कम खाई जा सकती है, लेकिन शिक्षा अवश्य प्रदान करनी चाहिए।
स्वच्छता और मानवता पर बल
विचार गोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए अंबेडकरनगर के प्रभारी दयाराम राजभर ने कहा कि स्वच्छता ही सेवा है और मानवता ही धर्म। उन्होंने बताया कि राष्ट्रसंत गाडगे बाबा ने समाज में बदलाव लाने के लिए झाड़ू और समाज सुधार का संकल्प हाथ में लेकर रास्ता दिखाया। गाडगे महाराज ने कभी केवल किताबी ज्ञान नहीं दिया, बल्कि कर्म से शिक्षा दी। उनके नेतृत्व में सैकड़ों धर्मशालाएं, विद्यालय और अस्पताल बिना किसी दिखावे के बनवाए गए।
संचालन और सहभागिता
विचार गोष्ठी का संचालन जिला अध्यक्ष सुनील सावंत ने किया। जिला महासचिव रोहित प्रजापति, विधानसभा प्रभारी राजेंद्र भारती, आज्ञाराम प्रधान, अंकित वर्मा, राहुल पाल, विजय एडवोकेट, मोहम्मद आफताब आलम, संदेश भारती, अलाउद्दीन, सचिंद्र वर्मा, रिंकू त्रिपाठी, विनायक निषाद, राम लखन विश्वकर्मा सहित सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ता और नागरिकों ने विचार गोष्ठी में भाग लिया।








