फिरोजाबाद। फिरोजाबाद के Tundla में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को जिले को 658 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 81 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस दौरान कई परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत 568 लाभार्थियों को उनके नए आवास की चाबियां भी सौंपीं। इसके बाद उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए सरकार की विकास नीतियों और उपलब्धियों पर बात की।
सीएम योगी ने कहा कि सुहाग नगरी फिरोजाबाद ने अपने उद्यमियों और श्रमिकों के परिश्रम से “लोकल से ग्लोबल” बनने की यात्रा तय की है। उन्होंने कहा कि यह जनपद अब विकास परियोजनाओं का बड़ा केंद्र बन रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में कार्य कर रही है और विकास का लाभ जनता के सही निर्णय से संभव होता है। उन्होंने कहा कि जब मतदाता सही जनप्रतिनिधियों को चुनते हैं, तभी विकास तेज होता है।
ग्लास उद्योग पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि फिरोजाबाद का कांच उद्योग अब नवाचार का केंद्र बन चुका है और इसने चीन जैसे देशों को भी पीछे छोड़ दिया है। उन्होंने बताया कि यहां के कारीगर अब आधुनिक तकनीक से धार्मिक और कलात्मक प्रतिमाएं तैयार कर रहे हैं, जिन्हें देश-विदेश में सराहा जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले यहां की प्रतिभा को वह मंच नहीं मिला जो अब मिल रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि सरकार ने उद्योगों से जुड़ी बाधाओं को दूर कर तकनीकी और ऊर्जा सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं, जिससे स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा मिला है।









