
अम्बेडकरनगर। अम्बेडकरनगर में उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग की ब्रेड एंड ब्रेकफास्ट होमस्टे नीति–2025 के तहत प्राप्त आवेदनों की समीक्षा के लिए जिला स्तरीय समिति की बैठक कलेक्ट्रेट में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने की। बैठक में होमस्टे संचालन से जुड़े लाभार्थियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई।
प्रभारी जिला पर्यटन अधिकारी ने बताया कि जनपद अम्बेडकरनगर में अब तक कुल 13 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 11 आवेदन ग्रामीण पर्यटन योजना के अंतर्गत चयनित ग्राम पंचायत दरवन और चिऊटीपारा (श्रवण धाम क्षेत्र) से जुड़े हैं। शेष 2 आवेदन अकबरपुर नगर क्षेत्र से प्राप्त हुए हैं। सभी आवेदनों पर समिति के समक्ष चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
स्थानीय स्तर पर रोजगार और पर्यटन पर फोकस
बैठक में स्पष्ट किया गया कि होमस्टे संचालन से ग्रामीण और नगरीय दोनों क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही स्थानीय स्तर पर आय और रोजगार के अवसर विकसित होने की संभावना है। होमस्टे संचालकों को निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, जिससे व्यवस्था सुरक्षित और व्यवस्थित बनी रहे।
पंजीकरण प्रक्रिया और आवश्यक सुविधाएं
नीति के अंतर्गत आवेदक के पास स्वयं का आवासीय भवन होना अनिवार्य है। एक से छह कमरों तक पर्यटकों के लिए उपलब्ध कराए जा सकते हैं। स्वच्छ शौचालय, पेयजल, विद्युत और सुरक्षा व्यवस्था आवश्यक शर्तों में शामिल हैं।
पंजीकरण के लिए ऑनलाइन आवेदन uptourismportal.gov.in के माध्यम से किया जा सकता है। इसके अलावा जिला पर्यटन कार्यालय के जरिए भी आवेदन स्वीकार किए जाते हैं। आवेदन के साथ स्वामित्व प्रमाण पत्र, पहचान पत्र, भवन विवरण और अग्निशमन सुरक्षा से संबंधित दस्तावेज आवश्यक हैं। जिला स्तरीय समिति द्वारा स्थलीय निरीक्षण के बाद अनुमोदन जारी किया जाता है।








