- भारत-पाकिस्तान के बढ़ते तनाव के बीच बिहार में सुरक्षा तंत्र हुआ सक्रिय
- पाकिस्तान से होने वाले हमलों को लेकर बिहार में पटाखों और लाउड म्यूजिक पर प्रतिबंध
- मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सीमावर्ती जिलों के DM-SP के साथ बैठक कर दिए नए निर्देश
पटना। भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के मद्देनज़र बिहार में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। शनिवार को ADG (लॉ एंड ऑर्डर) पंकज दराद ने राज्य के सभी जिलों के SP को सख्त निर्देश जारी करते हुए कहा है कि मौजूदा हालात को देखते हुए अब पूरे राज्य में पटाखों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। साथ ही रात 10 बजे के बाद शादियों में लाउड म्यूजिक भी नहीं बजेगा।
इस बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पूर्णिया समाहरणालय में सीमावर्ती जिलों के DM और SP के साथ समीक्षा बैठक की। इस एक घंटे की बैठक में डिप्टी CM सम्राट चौधरी, मंत्री विजय चौधरी, मंत्री लेसी सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री के निर्देश – 5 अहम बिंदु
- पूरे राज्य को अलर्ट पर रखा जाए, सिर्फ सीमांचल नहीं।
- सभी बड़े पुल, रेलवे स्टेशन, अस्पताल और भीड़भाड़ वाले इलाकों की सुरक्षा मजबूत की जाए।
- बॉर्डर से पकड़े गए मादक पदार्थ और विदेशी नागरिकों की पड़ताल की जाए।
- सिविल डिफेंस को एक्टिव करें, महिला पुलिस की तैनाती सादे कपड़ों में हो।
- चौकीदारों की रिपोर्ट को गंभीरता से लें, थाने स्तर पर सतर्कता जरूरी।
बॉर्डर इलाकों में कड़ी निगरानी
नेपाल और बांग्लादेश से सटे इलाकों में फोर्स की तैनाती बढ़ा दी गई है। खासकर पश्चिम चंपारण से किशनगंज तक 600 किमी की सीमा पर SSB और बिहार पुलिस के जवान चौकसी बढ़ा चुके हैं। बॉर्डर के साथ-साथ रेलवे स्टेशन, पुल और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर भी सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
सीतामढ़ी, सुपौल, रक्सौल समेत सीमावर्ती जिलों में 24 घंटे गश्त जारी है। नेपाल सशस्त्र पुलिस बल ने पिछले 48 घंटों में 312 पेट्रोलिंग और 1844 जगहों पर चेक प्वाइंट बनाए हैं।
एयरपोर्ट, रेलवे और अस्पताल अलर्ट पर
- पटना एयरपोर्ट पर विजिटर्स पास 18 मई तक बंद कर दिए गए हैं। हैंडबैग की दो बार चेकिंग होगी। CISF जवानों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं।
- ट्रेनों में चेकिंग बढ़ाई गई है। आरपीएफ जवान अब 12 घंटे की ड्यूटी पर रहेंगे। सभी प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त जवानों की तैनाती हो चुकी है।
- मेडिकल इमरजेंसी की तैयारी, डॉक्टरों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। दवा, ऑक्सीजन और एम्बुलेंस की व्यवस्था पर खास ध्यान दिया जा रहा है।
सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स की संख्या बढ़ेगी
आपदा प्रबंधन विभाग के ACS प्रत्यय अमृत ने कहा कि लोगों की सुरक्षा के लिए सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स की संख्या बढ़ाई जाएगी। इसके लिए एक विशेष पोर्टल बनाया जाएगा, जहां इच्छुक युवक रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।
नेपाल ने भारत को भरोसा दिलाया
नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव से मुलाकात में स्पष्ट किया कि नेपाल की जमीन का इस्तेमाल भारत विरोधी गतिविधियों के लिए नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि नेपाल किसी भी देश को अपनी धरती का गलत इस्तेमाल नहीं करने देगा।
सुपौल, अररिया, बगहा में सख्त जांच
-
सुपौल में भारत-नेपाल बॉर्डर पर फ्लैग मार्च और 5 नए चेक पोस्ट बनाए गए हैं।
-
अररिया के जोगबनी बॉर्डर पर गहन जांच की जा रही है। हर आने-जाने वाले की पहचान पत्र से पुष्टि की जा रही है।
-
बगहा में DM और SP ने बॉर्डर का दौरा कर जवानों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
तीन फ्लाइट्स 10 मई तक रद्द
भारत-पाक तनाव के बीच पटना से चंडीगढ़, भुवनेश्वर और गाजियाबाद के लिए उड़ानें 10 मई तक रद्द कर दी गई हैं। इंडिगो और एयर इंडिया एक्सप्रेस की ओर से यह निर्णय लिया गया है। सूत्रों की मानें तो स्थिति गंभीर रही तो उड़ानें आगे भी रद्द हो सकती हैं।
सरकार की अपील – घबराएं नहीं
हालांकि सरकार ने स्पष्ट किया है कि घबराने की जरूरत नहीं है। स्कूल, कॉलेज और बाजार सामान्य रूप से खुले रहेंगे। आवश्यक वस्तुओं का स्टॉक करने की जरूरत नहीं है।
More Stories
क्या इससे पाकिस्तान की अंतरराष्ट्रीय छवि को नुकसान पहुंचेगा?
क्या नए अध्यक्ष से बदल जाएगी हिमाचल कांग्रेस की किस्मत?
क्यों हुई रेखा की बेरहमी से हत्या- क्या छुपा है प्यार के पीछे?