Tamsasanket

Hindi News, Latest News in Hindi Breaking News & Latest Headline

क्यों पाकिस्तान की फायरिंग का निशाना बने सूबेदार मेजर पवन कुमार?

  • पाकिस्तान की नापाक हरकत का शिकार बना हिमाचल का वीर सपूत
  • रिटायरमेंट से ठीक पहले देश के लिए जान कुर्बान कर गए सूबेदार मेजर
  • सुबह-सुबह हुई फायरिंग में जवाब देते हुए हुए घायल

कांगड़ा/राजौरी। भारतीय वायुसेना की ओर से पाकिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर (PoK) में की गई एयर स्ट्राइक के बाद से पाकिस्तान बौखलाया हुआ है। बीते तीन दिनों से वह लगातार ड्रोन, मिसाइल और रॉकेट से हमले कर रहा है। इस बीच शुक्रवार रात जम्मू-कश्मीर के राजौरी सेक्टर में की गई गोलीबारी में हिमाचल प्रदेश का एक बहादुर सपूत शहीद हो गया।

जानकारी के अनुसार, कांगड़ा जिले के शाहपुर निवासी सूबेदार मेजर पवन कुमार (25 पंजाब रेजिमेंट) राजौरी में तैनात थे। शनिवार सुबह करीब 7 बजे पाकिस्तान की ओर से अचानक गोलीबारी शुरू हुई। जवाबी कार्रवाई में पवन कुमार अपने साथियों संग मोर्चा संभाल रहे थे, इसी दौरान वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।

दो महीने बाद होने वाली थी रिटायरमेंट
सूबेदार मेजर पवन कुमार की रिटायरमेंट सिर्फ दो महीने बाद ही तय थी, लेकिन देश सेवा में उन्होंने अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। उनके परिवार में पत्नी, एक बेटा, एक बेटी और माता-पिता हैं। बताया गया है कि शहीद के पिता गरज सिंह भी सेना में हवलदार के पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं।

सुबह 9 बजे मिली परिजनों को सूचना
शाहपुर नगर पंचायत के वार्ड नंबर चार से पार्षद शुभम ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 9 बजे सेना ने पवन कुमार की शहादत की सूचना परिजनों को दी। इसके बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। उन्होंने बताया कि इस समय शहीद की पार्थिव देह का पोस्टमॉर्टम राजौरी में किया जा रहा है। आज रात या रविवार सुबह तक शव उनके पैतृक गांव पहुंचने की उम्मीद है।