Tamsasanket

Hindi News, Latest News in Hindi Breaking News & Latest Headline

क्या नए अध्यक्ष से बदल जाएगी हिमाचल कांग्रेस की किस्मत?

  • प्रदेश कांग्रेस में जल्द खत्म होगा सस्पेंस, राहुल गांधी लेंगे अंतिम फैसला
  • सुक्खू और प्रतिभा सिंह के बीच शक्ति संतुलन की तलाश
  • छह महीने से लटका संगठन अब बनेगा या फिर टलेगा?

शिमला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस में बड़े बदलाव की तैयारी है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी जल्द ही प्रदेश कांग्रेस का नया अध्यक्ष चुनेंगे और कैबिनेट विस्तार पर भी मुहर लगाएंगे। पार्टी हाईकमान की ओर से लंबे समय से प्रदेश संगठन को लेकर निष्क्रियता बरती जा रही थी, जिस पर अब राहुल गांधी ने सक्रियता दिखाई है।

दिल्ली में होगी बैठक, सीएम समेत शीर्ष नेताओं को तलब

इसी सप्ताह राहुल गांधी दिल्ली में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, पूर्व अध्यक्षों और कैबिनेट मंत्रियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। इस बैठक में नए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष (PCC) के चयन और कैबिनेट विस्तार पर चर्चा होगी। बताया जा रहा है कि 8 मई को भी एक बैठक होनी थी, लेकिन भारत-पाकिस्तान तनाव के चलते इसे स्थगित कर दिया गया था।

प्रतिभा सिंह को हटाने की चर्चा, गुटबाजी बनी बड़ी चुनौती

प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह का कार्यकाल पूरा हो चुका है, लेकिन पार्टी में गुटबाजी के कारण अब तक नया अध्यक्ष नहीं चुना जा सका है। होली लॉज विरोधी खेमा प्रतिभा सिंह को हटाना चाहता है, जबकि पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह के समर्थक उनके पक्ष में हैं। इस विवाद के चलते पार्टी हाईकमान निर्णय नहीं ले पा रहा है।

नए अध्यक्ष के लिए ये नाम चर्चा में

नए प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए कई नामों पर विचार चल रहा है, जिनमें मंत्री अनिरुद्ध सिंह, विधायक कुलदीप राठौर, पूर्व विधायक आशा कुमारी, संजय अवस्थी, सुरेश कुमार और विनोद सुल्तानपुरी शामिल हैं। राहुल गांधी की बैठक के बाद ही अंतिम फैसला होगा।

कैबिनेट विस्तार, सुंदर सिंह ठाकुर सहित इन विधायकों को मिल सकता है मौका

प्रदेश सरकार में एक मंत्री पद खाली है, जिसके लिए कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर सबसे प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं। उनकी नियुक्ति से मंडी संसदीय क्षेत्र को प्रतिनिधित्व मिलेगा, क्योंकि वर्तमान कैबिनेट में इस क्षेत्र से कोई मंत्री नहीं है। इसके अलावा, विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, संजय रत्न और आशीष बुटेल के भी मंत्री बनने की संभावना जताई जा रही है।