
- पेट्रोल-डीजल भी हाल में महंगे हुए
- क्रूड ऑयल 100 डॉलर प्रति बैरल पार
- ईरान-अमेरिका तनाव का असर बाजार पर
नई दिल्ली। ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव का असर अब भारत में ईंधन की कीमतों पर साफ दिखाई देने लगा है। कंप्रेस्ड नेचुरल गैस यानी CNG के दाम पिछले दो हफ्तों में चौथी बार बढ़ाए गए हैं।
इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने मंगलवार 26 मई से दिल्ली-NCR समेत कई शहरों में CNG के दाम ₹2 प्रति किलोग्राम बढ़ा दिए हैं। नई दरें लागू होने के बाद आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ बढ़ गया है।
दिल्ली में अब CNG की कीमत ₹81.09 प्रति किलो से बढ़कर ₹83.09 प्रति किलो हो गई है। वहीं नोएडा, गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा में CNG ₹91.70 प्रति किलो के नए रेट पर मिलेगी। गुरुग्राम में इसकी कीमत बढ़कर ₹88.12 प्रति किलो हो गई है।
इसके पहले तेल कंपनियों ने 25 मई को पेट्रोल और डीजल के दामों में भी बढ़ोतरी की थी। पेट्रोल ₹2.61 और डीजल ₹2.71 प्रति लीटर महंगा किया गया। इसके बाद दिल्ली में पेट्रोल की कीमत ₹102.12 और डीजल ₹95.20 प्रति लीटर पहुंच गई है।
विशेषज्ञों के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी इस बढ़ोतरी की मुख्य वजह है। ईरान और अमेरिका के बीच युद्ध जैसे हालात बनने से पहले क्रूड ऑयल करीब 70 डॉलर प्रति बैरल था, जो अब 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच चुका है।
कच्चे तेल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से तेल कंपनियों पर दबाव बढ़ गया है। ऐसे में कंपनियां घाटे की भरपाई के लिए पेट्रोल, डीजल और CNG के दाम बढ़ा रही हैं। जानकारों का मानना है कि यदि अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल महंगा बना रहा, तो आने वाले दिनों में ईंधन की कीमतों में और इजाफा हो सकता है।









