
- ईरानी सलाहकार लारीजानी ने ट्रम्प को ड्रोन हमले की दी धमकी
- “ब्लड पैक्ट” क्राउडफंडिंग से 27 मिलियन डॉलर से ज्यादा जुटाए गए
- अमेरिका ने 125 विमानों से ईरान के न्यूक्लियर ठिकानों पर हमला किया
तेहरान/वॉशिंगटन। ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई के वरिष्ठ सलाहकार मोहम्मद-जवाद लारीजानी ने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प को खुलेआम ड्रोन हमले की चेतावनी दी है। एक टीवी इंटरव्यू में लारीजानी ने कहा— “मार-ए-लागो में धूप सेंकते वक्त उन्हें एक माइक्रो-ड्रोन निशाना बना सकता है।” इस बयान ने दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव को और उग्र बना दिया है।
“ब्लड पैक्ट” अभियान से जुड़ाव का दावा
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स में लारीजानी के बयान को “ब्लड पैक्ट” नामक ऑनलाइन क्राउडफंडिंग अभियान से जोड़ा गया है। यह अभियान उन लोगों के खिलाफ बदला लेने के लिए फंड जुटा रहा है जो ईरान के सर्वोच्च नेता खामेनेई का कथित तौर पर अपमान कर चुके हैं। रिपोर्ट के अनुसार, 8 जुलाई तक इस अभियान ने 27 मिलियन डॉलर से अधिक जुटा लिए हैं।
ईरान पर अमेरिका का हमला: 125 एयरक्राफ्ट, बस्टर बम का इस्तेमाल
22 जून को अमेरिका ने ईरान के तीन प्रमुख परमाणु ठिकानों — फोर्डो, नतांज और इस्फहान पर हवाई हमला किया। भारतीय समय अनुसार यह हमला रविवार सुबह 4:30 बजे हुआ।
अमेरिकी रक्षा विभाग ने पुष्टि की कि इस ऑपरेशन में 125 से अधिक एयरक्राफ्ट शामिल थे, जिनमें 7 B-2 स्टेल्थ बॉम्बर्स ने ईरान के न्यूक्लियर साइट्स पर 13,608 किलो वजनी बंकर बस्टर बम गिराए। इस मिशन का नेतृत्व जॉइंट चीफ ऑफ स्टाफ जनरल डैन केन ने किया।
इजराइल-ईरान संघर्ष: 657 ईरानी नागरिकों की मौत
ईरान और इजराइल के बीच बढ़ते संघर्ष में 657 ईरानी नागरिकों की मौत हुई है, जबकि 2000 से अधिक लोग घायल हुए हैं। यह जानकारी अमेरिका स्थित ह्यूमन राइट्स एक्टिविस्ट्स न्यूज एजेंसी ने दी।
हालांकि, ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने इससे कम आंकड़े जारी किए हैं, जिनमें 430 नागरिकों की मौत और 3,500 घायलों की पुष्टि की गई।
उधर, इजराइल में 21 जून तक 24 लोगों की मौत और 900 से अधिक घायल होने की खबर है।








