कटया गंजन गांव में चोरी, लाखों के जेवरात और सामान पार

  • बसखारी थाना क्षेत्र में कौशल तिवारी के घर में चोरी
  • चैनल, बक्से और आलमारी के ताले तोड़े गए
  • ग्रामीणों ने पुलिस की लापरवाही और गश्त पर उठाए सवाल

अम्बेडकरनगर। बसखारी थाना क्षेत्र के कटया गंजन गांव में शुक्रवार की रात चोरों ने कौशल तिवारी के घर में धावा बोल दिया। घर के चैनल का ताला तोड़कर घुसने वाले चोरों ने बक्से और आलमारी के ताले तोड़कर लाखों रुपये के कीमती जेवरात और अन्य सामान पार कर लिए। सुबह जब परिजन उठे तो पूरा घर अस्त-व्यस्त पाया। टूटे ताले और चोरी की स्थिति देखकर परिजनों के होश उड़ गए।

लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीण चिंतित

ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार हो रही हैं। इसके बावजूद पुलिस की कार्रवाई केवल कागजी तक सीमित नजर आती है। रात में गश्त का दावा करने वाली पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस की लापरवाही और सतर्कता की कमी के कारण चोरों के हौसले बुलंद हैं।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच

सूचना मिलने पर बसखारी थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है और जल्द ही विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत थाने को दें ताकि चोरी की घटनाओं को रोका जा सके।

Back to top button