लंपी वायरस ने पसारे पांव, दो मवेशियों की मौत, आधा दर्जन से अधिक बीमार

  • भदोही और कादीपुर गांव में दो मवेशियों की मौत
  • आधा दर्जन से ज्यादा मवेशी संक्रमण की चपेट में
  • वैक्सीन की अनुपलब्धता से रोकथाम के प्रयास प्रभावित

जलालपुर (अंबेडकर नगर) : जिले में लंपी वायरस का संक्रमण धीरे-धीरे अपने पांव पसारने लगा है। जलालपुर तहसील क्षेत्र के ग्राम भदोही और कादीपुर में इस वायरस से अब तक दो मवेशियों की मौत हो चुकी है, जबकि आधा दर्जन से अधिक मवेशी इसकी चपेट में हैं।

ग्रामीणों की सूचना पर पशु चिकित्सकों की टीम ने गांवों में पहुंचकर बीमार मवेशियों की पहचान कर उन्हें अलग कर उपचार शुरू कर दिया है। हालांकि विभाग के पास वैक्सीन की अनुपलब्धता से इलाज में व्यवधान उत्पन्न हो रहा है।

पिछले माह से ही फैला संक्रमण, नहीं हुआ समय से नियंत्रण

भदोही गांव में लंपी वायरस की दस्तक बीते माह ही हो चुकी थी। ग्रामीणों के अनुसार, संतराम और जंगली के मवेशी इस वायरस की चपेट में आकर दम तोड़ चुके हैं। वहीं, हरिराम, धीरज, रूपेश और लक्ष्मण सहित कई ग्रामीणों के मवेशी गंभीर रूप से संक्रमित हैं।

संक्रमित पशुओं के शरीर पर वायरस के स्पष्ट लक्षण दिखाई दे रहे हैं। त्वचा पर गांठें बन रही हैं और बुखार के साथ दूध उत्पादन में भी भारी गिरावट देखी जा रही है।

पशु चिकित्सा विभाग की टीम सक्रिय, इलाज शुरू

सूचना मिलते ही मालीपुर पशु चिकित्सालय से डॉ. धर्मेंद्र यादव अपनी टीम के साथ गांव पहुंचे। उन्होंने मवेशियों की जांच कर संक्रमण की पुष्टि की और तत्काल उपचार शुरू किया।

डॉ. यादव ने बताया कि फिलहाल इलाज किया जा रहा है, लेकिन सबसे बड़ी चुनौती वैक्सीन की कमी है। “गोटपॉक्स” नामक वैक्सीन विभाग के पास उपलब्ध नहीं है, जिससे रोकथाम के प्रयास बाधित हो रहे हैं।

Back to top button