लखनऊ में नारकोटिक दवाओं का बड़ा खुलासा

लखनऊ। शहर में नशे की दवाओं का गोरखधंधा एक बार फिर उजागर हुआ है। अमीनाबाद से लेकर राजाजीपुरम तक फैले इस नेटवर्क पर सेंट्रल ब्यूरो ऑफ नारकोटिक्स (CBN) और औषधि विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो मेडिकल फर्मों को जांच के घेरे में लिया है। बिना बिल के भारी मात्रा में नारकोटिक दवाएं बेचने के आरोप में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि कई अन्य की भूमिका की जांच की जा रही है।

अमीनाबाद और राजाजीपुरम में छापेमारी

18 जुलाई को CBN और औषधि विभाग की टीम ने अमीनाबाद स्थित न्यू मंगलम एजेंसी पर छापा मारा था। इस फर्म की प्रोपराइटर कोमल शुक्ला और उनका परिवार जांच के घेरे में है। वहीं 6 अगस्त को टीम ने राजाजीपुरम स्थित श्याम एजेंसी पर कार्रवाई की, जहां से भारी मात्रा में नशे की दवाएं बरामद हुईं। इस दौरान फर्म के प्रोपराइटर आशीष कुमार त्रिपाठी को मौके से गिरफ्तार किया गया।

भारी मात्रा में दवाएं बरामद, कंप्यूटर डेटा डिलीट

कार्रवाई के दौरान श्याम एजेंसी से 78,624 कैप्सूल, 9,400 टैबलेट और कई सिरप की बोतलें जब्त की गईं। अधिकारियों को फर्म से कोई वैध बिल या दस्तावेज नहीं मिले। साथ ही फर्म के कंप्यूटर से सारा डेटा डिलीट पाया गया। चार संदिग्ध दवाओं के सैंपल जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

अधिकारियों का कहना

औषधि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच से साफ है कि दवाओं की बिक्री के लिए आवश्यक लाइसेंस और बिल मौजूद नहीं थे। मामले में और भी फर्मों की संलिप्तता की जांच की जा रही है।

Back to top button