
- LDA अनंत नगर योजना की लॉटरी प्रक्रिया शुरू
- चार दिन चलेगी लॉटरी, पहले दिन सामान्य वर्ग की बारी
- यूट्यूब पर लाइव होगी लॉटरी प्रक्रिया
लखनऊ। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) की महत्वाकांक्षी अनंत नगर आवासीय योजना की लॉटरी प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हो गई है। यह प्रक्रिया चार दिनों तक चलेगी, जिसमें पहले दिन सामान्य वर्ग के लिए 112.5 वर्गमीटर क्षेत्रफल वाले भूखंडों की लॉटरी निकाली जाएगी। आयोजन इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के मर्करी हॉल में हो रहा है, जहां 13031 आवेदकों में से 334 भूखंडों का आवंटन किया जाएगा।
लाइव होगी लॉटरी प्रक्रिया
LDA के अपर सचिव ज्ञानेंद्र वर्मा ने बताया कि प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए आवेदकों की मौजूदगी में लॉटरी कराई जा रही है। साथ ही, इसे यूट्यूब चैनल पर लाइव भी किया जाएगा। इस चरण में कुल 334 भूखंड शामिल हैं, जिनमें विभिन्न श्रेणियों के क्षेत्रफल के प्लॉट शामिल हैं — जैसे 121 प्लॉट (112.5 वर्गमीटर), 39 प्लॉट (162 वर्गमीटर), 50 प्लॉट (200 वर्गमीटर), 105 प्लॉट (288 वर्गमीटर) और 19 प्लॉट (450 वर्गमीटर)।
लॉटरी का शेड्यूल इस प्रकार है:
11 जून: 112.5 वर्गमीटर के प्लॉट (आरक्षित वर्ग)
12 जून: 162 वर्गमीटर के प्लॉट
13 जून: 200, 288 और 450 वर्गमीटर के प्लॉट
डेढ़ लाख लोगों का बसेरा बनेगा ‘अनंत नगर’
LDA उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि अनंत नगर योजना 785 एकड़ में फैली है, जहां 1.5 लाख से अधिक लोगों के रहने की व्यवस्था होगी। इसमें शामिल हैं:
2,100 आवासीय भूखंड
120 व्यावसायिक भूखंड
60 ग्रुप हाउसिंग प्लॉट
10,000 से अधिक फ्लैट
ईडब्ल्यूएस और एलआईजी के 5,000 भवन
प्लॉट की कीमत और भुगतान व्यवस्था
आवासीय भूखंड: ₹4,100 प्रति वर्गमीटर
व्यावसायिक भूखंड: ₹7,000 प्रति वर्गमीटर
फ्री होल्ड और रजिस्ट्री चार्ज अतिरिक्त
जुलाई में आएगा दूसरा फेज
LDA अधिकारियों के अनुसार, पहले फेज की लॉटरी प्रक्रिया और आवंटन पत्र वितरण के बाद जुलाई के पहले सप्ताह में दूसरे फेज के लिए आवेदन खोले जाएंगे। इसमें 600 से अधिक प्लॉट शामिल होंगे, जिनमें आवासीय और व्यावसायिक दोनों प्रकार के भूखंड होंगे।








