
- गोरखपुर चिड़ियाघर का 15 साल का शेर पटौदी बीमार
- लिवर संक्रमण और अन्य अंगों में फैला इंफेक्शन
- गर्मी में भी भूख कम, सिर्फ 4-5 किलो मीट खा पा रहा
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर चिड़ियाघर में पिछले एक महीने से बीमार चल रहे 15 वर्षीय बब्बर शेर पटौदी को शनिवार रात कानपुर चिड़ियाघर स्थानांतरित कर दिया गया। लिवर संक्रमण और बढ़ती उम्र के कारण उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
गर्मी में आमतौर पर शेर 10-12 किलो मीट खाते हैं, लेकिन पटौदी मात्र 4-5 किलो मीट ही खा पा रहा है। कमजोर पाचन के चलते उसे हड्डी रहित मीट दिया जा रहा है।
जानवरों के इलाज में विशेषज्ञ माने जाने वाले इंडियन वेटनेरी रिसर्च इंस्टीट्यूट, बरेली की टीम पहले से ही पटौदी का इलाज कर रही थी। टीम ने ही शेर को बेहतर देखरेख और उपचार के लिए कानपुर भेजने की सिफारिश की थी।
वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने शुक्रवार को गोरखपुर चिड़ियाघर का दौरा कर पटौदी की स्थिति का जायजा लिया था और तुरंत बेहतर इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
इसके बाद वन विभाग की विशेष चिकित्सा टीम की निगरानी में शनिवार रात पटौदी को कानपुर चिड़ियाघर पहुंचाया गया। अब उसकी स्थिति में सुधार की उम्मीद विशेषज्ञ चिकित्सकों और बेहतर संसाधनों के माध्यम से की जा रही है।









