आगरा में गर्मी का कहर जारी- बारिश के बाद भी पारा 45 डिग्री के करीब

  • बारिश के बाद भी नहीं मिली गर्मी से राहत
  • मौसम विभाग का अलर्ट: लू से बचें
  • सुबह से ही आग बरसा रहा सूरज

आगरा। ताजनगरी में गर्मी ने अपना विकराल रूप दिखाना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि शनिवार सुबह हल्की बारिश और बादलों की गड़गड़ाहट के बावजूद सूरज की तपिश ने मौसम को और बेहाल कर दिया।

मौसम विभाग ने हीट वेव का अलर्ट जारी करते हुए चेतावनी दी है कि तापमान 45 डिग्री तक पहुंच सकता है। शनिवार सुबह 5 बजे के करीब हल्की बारिश से मौसम में बदलाव की उम्मीद जगी थी, लेकिन कुछ ही देर में तेज धूप ने सारी उम्मीदों पर पानी फेर दिया।

सुबह से ही तेज धूप, 9 बजे तक पारा पहुंचा 35 डिग्री

शनिवार को सुबह 9 बजे तक तापमान 35 डिग्री के करीब पहुंच गया था और दिन चढ़ने के साथ पारा 45 डिग्री तक जाने का अनुमान है। शहर के निवासी और पर्यटक दोनों गर्मी से परेशान हैं। खासकर ताजमहल पर घूमने आए सैलानी धूप और गर्म पत्थरों से बेहाल नजर आए।

हीट वेव का कहर, 18 मई तक नहीं मिलेगी राहत

मौसम विभाग के अनुसार, 18 मई तक आगरा में भीषण गर्मी बनी रहेगी। तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को परेशान करेंगी। बाहर निकलते समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

19 से 21 मई के बीच मौसम में बदलाव की संभावना

19 मई से मौसम में बदलाव के संकेत मिले हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, बादल छाने और हल्की बारिश की संभावना है। इसके चलते तापमान में गिरावट आ सकती है और पारा 40 डिग्री के नीचे आने की उम्मीद है।

Back to top button