
- डाक विभाग का विशेष अभियान 23 जुलाई से जिले में जारी
- अब तक 1000+ बालिकाओं के नाम से खाते खोले गए
- 8.2% वार्षिक ब्याज दर के साथ सुरक्षित निवेश विकल्प
अंबेडकरनगर। डाक विभाग की सुकन्या समृद्धि योजना को लेकर जनपद अंबेडकरनगर में विशेष अभियान तेजी से जारी है। 23 जुलाई से प्रारंभ हुए इस अभियान के तहत अब तक जिले में 1000 से अधिक बालिकाओं के नाम से खाते खोले जा चुके हैं। यह योजना बेटियों के सुरक्षित आर्थिक भविष्य की दिशा में केंद्र सरकार की एक प्रमुख पहल मानी जा रही है।
सहायक डाक अधीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि डाक विभाग की यह योजना विशेष रूप से बालिकाओं के दीर्घकालिक वित्तीय सुरक्षा को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। अभियान के तहत ग्रामीण डाक सेवक न सिर्फ गांव-गांव जाकर लोगों को योजना के बारे में जागरूक कर रहे हैं, बल्कि प्राथमिक विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों पर भी संपर्क कर रहे हैं।
8.2 प्रतिशत वार्षिक ब्याज दर पर आकर्षक निवेश योजना
सुकन्या समृद्धि योजना में न्यूनतम 250 रुपये से लेकर अधिकतम 1.5 लाख रुपये वार्षिक तक की राशि जमा की जा सकती है। इस जमा पर वर्तमान में 8.2 प्रतिशत की वार्षिक ब्याज दर प्रदान की जा रही है, जो अन्य बचत योजनाओं की तुलना में बेहतर मानी जा रही है। योजना में 15 वर्षों तक नियमित जमा करने के पश्चात 21वें वर्ष में पूर्ण परिपक्वता पर धनराशि निकाली जा सकती है।
शिक्षा एवं विवाह दोनों में लाभकारी
इस योजना की एक विशेषता यह भी है कि खाता धारक बालिका की 18 वर्ष की आयु के बाद उच्च शिक्षा हेतु आंशिक निकासी की अनुमति है, वहीं विवाह के समय संपूर्ण राशि निकाली जा सकती है। योजना की यह लचीलापन इसे अन्य पारंपरिक बचत योजनाओं से अलग बनाता है।








