अयोध्या में मंदिर के पुजारी की रहस्यमय हत्या, तंत्र साधना से जुड़ रही कड़ियाँ

  • 30 वर्षों से साधना में लीन पुजारी की मंदिर कक्ष में हत्या, इलाके में मचा हड़कंप
  • रात को पूजा कर लौटे पुजारी सुबह मिले लहूलुहान, हत्या में तंत्र साधना की कड़ी तलाश रही पुलिस
  • मंदिर परिसर में मिला पुजारी का खून से सना शव, चेहरे और गले पर मिले गहरे घाव

    अयोध्या। 
    अयोध्या के इनायतनगर थाना क्षेत्र के एक ग्रामीण इलाके में स्थित मंदिर में एक साधु की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। साधु का शव उनके कमरे में खून से लथपथ हालत में पाया गया। घटना की खबर मिलते ही स्थानीय लोग भारी संख्या में मंदिर परिसर में जुट गए, वहीं पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार मृत साधु पिछले 30 वर्षों से इस मंदिर में रहकर पूजा-पाठ और तंत्र साधना करते थे। मृतक की पहचान 60 वर्षीय राज बहादुर यादव उर्फ बाबा बेचन दास के रूप में हुई है। वे गांव से कुछ दूरी पर स्थित एक मंदिर में निवास करते थे, जहां तीन कमरों में से एक में उनका रहन-सहन था और अन्य कमरों में पूजा का सामान रखा जाता था।

परिजनों के अनुसार, बाबा शनिवार रात बीकापुर से पूजा कर वापस मंदिर लौटे थे और वहीं सोने चले गए। अगली सुबह उनका बेटा मंदिर की साफ-सफाई के लिए आया लेकिन अंदर नहीं गया। कुछ ग्रामीण महिलाएं जब सुबह खेत की ओर निकलीं तो उन्होंने बाबा को खून से सना पाया और शोर मचा दिया।

सूचना मिलते ही पुलिस के साथ आला अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। मृतक के चेहरे, गले और छाती पर धारदार हथियार के गहरे घाव पाए गए हैं। फिलहाल पुलिस हत्या के विभिन्न एंगल से जांच कर रही है, जिसमें तंत्र साधना से जुड़े विवाद भी शामिल हो सकते हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या के कारणों पर अधिक स्पष्टता मिलेगी। ग्रामीणों से मिली जानकारी और परिजनों के बयानों के आधार पर कुछ संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।

Related Posts

बदायूं में तेज रफ्तार बोलेरो का कहर, हिट एंड रन में 3 युवकों की मौत

बदायूं। बदायूं में हिट एंड रन का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक बेकाबू तेज रफ्तार बोलेरो ने अलग-अलग स्थानों पर पांच युवकों को टक्कर मार दी। इस दर्दनाक…

Continue reading
भारत-पाक मैच से पहले ईशान किशन की शादी की चर्चा तेज

भारत और पाकिस्तान के बीच टी-20 मुकाबले से पहले टीम इंडिया के ओपनर ईशान किशन की शादी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। ईशान के दादा अनुराग पांडेय ने…

Continue reading