मेडिकल कॉलेज में हार्ट अटैक मरीजों के लिए नई उम्मीद

  • डॉ. बृजेश कुमार बनाए गए नोडल अधिकारी, सेवा की गुणवत्ता पर रहेगी निगरानी
  • आपातकालीन स्थिति में शीघ्र मेडिकल कॉलेज पहुंचने की अपील
  • जिले के नागरिकों के लिए एक बड़ी स्वास्थ्य सुविधा और जीवन रक्षक पहल

अम्बेडकरनगर। अम्बेडकरनगर के राजकीय मेडिकल कॉलेज में अब हार्ट अटैक (STEMI) के मरीजों को अत्याधुनिक और प्रभावी इलाज निशुल्क मिलेगा। उत्तर प्रदेश शासन के चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग के सहयोग से शुरू की गई इस योजना का उद्देश्य दिल के दौरे से होने वाली आकस्मिक मौतों को रोकना है।

इस पहल के तहत मरीजों को टेनेक्टेप्लेस 40 एमजी (टीएनके-टीपीए) बोलस इंजेक्शन उपलब्ध कराया जाएगा, जो शरीर में रक्त के थक्कों को घोलकर हृदय की रक्त वाहिकाओं में रक्त प्रवाह को बहाल करता है। इसके कारण हार्ट अटैक के गंभीर परिणामों को कम करने में मदद मिलती है।

मेडिसिन विभाग के प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. बृजेश कुमार को इस योजना का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जो इस सेवा की गुणवत्ता और सुचारु संचालन के लिए जिम्मेदार हैं। उन्होंने बताया कि इस योजना से मरीजों को तुरंत और प्रभावी उपचार मिल सकेगा, जिससे जीवन रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जा सकेगी।

आपातकालीन विभाग में शीघ्र संपर्क करें, समय पर बचाएं जीवन

प्राचार्य डॉ. मुकेश यादव और उप-प्राचार्य डॉ. उमेश वर्मा के दिशा-निर्देशों के तहत मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अमित पटेल की देखरेख में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। जिले के नागरिकों से अपील है कि यदि किसी को अचानक सीने में तेज दर्द या दबाव महसूस हो तो बिना देरी के राजकीय मेडिकल कॉलेज के आपातकालीन विभाग में संपर्क करें और इस निशुल्क उपचार सुविधा का लाभ उठाएं।यह योजना जनपद के लोगों के लिए जीवन रक्षक सुविधा भी साबित होगी।

Back to top button