
- शहजाद भट्टी ने गैंगस्टर लॉरेंस को पाकिस्तान में हमला करने की चेतावनी दी
- पहलगाम हमले का बदला लेने के लिए पाकिस्तान में घुसकर हमला करने की योजना
- भट्टी ने बाबा सिद्दीकी और सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के सबूतों का खुलासा करने की धमकी दी
जालंधर। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम आतंकी हमले को लेकर भारत-पाक गैंगवॉर अब खुलकर सामने आ गई है। एक ओर जहां लॉरेंस गैंग ने सोशल मीडिया पर पाकिस्तान में घुसकर जवाबी कार्रवाई की धमकी दी, वहीं दूसरी ओर पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी ने खुलेआम वीडियो जारी कर लॉरेंस को चेतावनी दी है।
लॉरेंस बिश्नोई की ओर से आतंकी हाफिज सईद की फोटो पर क्रॉस चिह्न लगाना भट्टी को नागवार गुज़रा। उसने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए लॉरेंस को देश से लेकर संस्थानों तक की बेइज्जती न करने की सलाह दी और दो पुराने चर्चित हत्याकांडों — सिद्धू मूसेवाला और बाबा सिद्दीकी — से जुड़ी जानकारियों को सार्वजनिक करने की धमकी दे डाली।
कौन है शहजाद भट्टी?
पाकिस्तान का अंडरवर्ल्ड चेहरा — शहजाद भट्टी पाकिस्तान के कुख्यात भू-माफिया और अपराध सिंडिकेट से जुड़ा नाम है। वह लंबे समय से पाकिस्तान में फारुख खोखर गैंग के लिए काम करता रहा है। हथियारों की तस्करी, बम सप्लाई नेटवर्क और डॉन-राज की कहानियों से उसका नाम जुड़ा रहा है।
अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क — भट्टी का नेटवर्क दुबई, यूरोप, कनाडा, अमेरिका और ब्रिटेन तक फैला है। भारत में भी कई संगठनों को वह हथियार मुहैया करवा चुका है। बताया जाता है कि पाकिस्तान लौटने से पहले वह 5 साल तक विदेशों में सक्रिय रहा।
शेर पालने का शौक़ीन — अपराध की दुनिया से इतर भट्टी का एक और चर्चित पक्ष है – उसका शौक़। भट्टी अक्सर शेरों के साथ अपनी तस्वीरें और वीडियो शेयर करता है, जो उसकी पहचान का हिस्सा बन चुकी हैं।
लॉरेंस के बयान ने चिंगारी दी
दो दिन पहले लॉरेंस गैंग की ओर से एक धमकी भरी पोस्ट जारी की गई थी, जिसमें कहा गया था कि पाकिस्तान में घुसकर एक ऐसा व्यक्ति मारा जाएगा जो लाखों के बराबर होगा। पोस्ट के साथ हाफिज सईद की फोटो पर लाल क्रॉस भी लगाया गया, जिससे पाकिस्तान के अपराध जगत में खलबली मच गई।







