
- जिलेभर में विजयादशमी का भव्य उत्सव
- इल्तिफातगंज और किछौछा में रावण पुतले का भव्य दहन
- टांडा एनटीपीसी और रेलवे स्टेशन पर सांस्कृतिक कार्यक्रम
अंबेडकरनगर। अंबेडकरनगर।असत्य पर सत्य की विजय का पर्व विजयादशमी गुरुवार को जिलेभर में आस्था, उल्लास और भव्यता के साथ मनाया गया। नगर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक रावण दहन कार्यक्रमों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। रामलीलाओं के मनोहारी मंचन और भव्य पुतला दहन ने जनमानस को आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया।
इल्तिफातगंज में दहका रावण, गूंजे जयकारे
अकबरपुर नगर स्थित इल्तिफातगंज मार्ग पर आयोजित राम-रावण युद्ध के मंचन में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। जैसे ही मंच पर भगवान श्रीराम ने धनुष उठाया और अग्निबाण से रावण का वध किया, विशाल रावण पुतला धू-धूकर जल उठा।
इल्तिफातगंज रेलवे क्रॉसिंग के पास श्रीरामलीला संस्कृति मंडल समिति द्वारा आयोजित पुतला दहन कार्यक्रम में करीब 35 फीट ऊंचा रावण पुतला तैयार किया गया था। रावण के दहन के साथ ही आतिशबाजी से आसमान रंग-बिरंगा हो गया। पूरा क्षेत्र ‘जय श्रीराम’ के नारों से गूंजता रहा।
किछौछा में 40 फीट ऊंचे रावण का दहन
किछौछा में विजयादशमी पर 40 फीट ऊंचे रावण का भव्य दहन किया गया। स्थानीय रामलीला समिति द्वारा आयोजित कार्यक्रम में श्रद्धालु घंटों पहले से ही मैदान में एकत्र हो गए थे। आतिशबाजी, रामलीला मंचन और धार्मिक गीतों की ध्वनि ने माहौल को उत्सवमय बना दिया।
जैसे ही रावण का पुतला अग्नि की लपटों में समाया, लोगों ने सामूहिक रूप से “सत्य की जय हो” और “अधर्म का नाश हो” के नारे लगाए।









