
- एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पूरी तरह तबाह
- यूक्रेनी एयरफोर्स ने अलर्ट जारी किया था
- जेलेंस्की ने रूस पर नए प्रतिबंधों की मांग की
कीव। रूस ने गुरुवार तड़के यूक्रेन की राजधानी कीव समेत कई इलाकों पर अब तक का सबसे भीषण हमला किया। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने बताया कि रूस ने एक ही रात में 400 ड्रोन और 18 मिसाइलें दागीं। हमले में 2 लोगों की मौत और 16 घायल हुए हैं। हमले का मुख्य निशाना कीव था, जहां 8 जिलों में रिहायशी इमारतें, मेट्रो स्टेशन, स्वास्थ्य केंद्र और गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं।
पुलिस के मुताबिक, कीव में एक मेट्रो स्टेशन पर 68 साल की महिला और 22 साल के पुलिस अधिकारी की मौत हुई। पोडिल्स्की जिले में एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पूरी तरह तबाह हो गया।
हमले के समय लोग अपने घरों में सो रहे थे। ड्रोन का मलबा एक इमारत की छत पर गिरने से आग लग गई, जिसकी रोशनी पूरे शहर में देखी गई।
यूक्रेनी एयरफोर्स ने कई इलाकों में हमले से पहले अलर्ट जारी किया था और नागरिकों से सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की थी।
जेलेंस्की की चेतावनी और प्रतिबंधों की मांग
हमले के बाद राष्ट्रपति जेलेंस्की ने अमेरिका और यूरोपीय देशों से रूस पर नए और कड़े प्रतिबंध लगाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस तरह के हमले मानवता के खिलाफ अपराध हैं।
वे गुरुवार को रोम में अमेरिकी अधिकारियों से मुलाकात करेंगे, जिसमें प्रतिबंध और यूक्रेन के पुनर्निर्माण पर चर्चा होगी।
तीन साल से जारी जंग, जून में सबसे ज्यादा मौतें
रूस-यूक्रेन युद्ध को 3 साल से ज्यादा हो चुके हैं। संयुक्त राष्ट्र के मुताबिक, जून 2025 में यूक्रेन में सबसे ज्यादा नागरिक हताहत हुए। रूस के हमलों में 232 लोगों की मौत और 1343 घायल हुए।
8 जुलाई को यूक्रेन ने दावा किया था कि रूस ने उस दिन 728 ड्रोन और 13 बैलिस्टिक मिसाइलें दागी थीं, जो अब तक का सबसे बड़ा हमला था।








