लखनऊ में स्कूल वैन और कंटेनर की भिड़ंत: दो छात्र और ड्राइवर घायल

  • सैयदबाबा मोड़ पर आमने-सामने टक्कर में तीन लोग घायल
  • अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन पर लगाया लापरवाही का आरोप
  • पुलिस ने कंटेनर ड्राइवर को हिरासत में लिया

लखनऊ। लखनऊ के मोहनलालगंज-बनी रोड पर बुधवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। स्कूल वैन और कंटेनर की आमने-सामने टक्कर में दो छात्र और वैन चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना सैयदबाबा मोड़ के पास हुई, जहां न्यू पब्लिक इंटर कॉलेज की वैन (UP-32-EN-4142) छात्रों को लेकर स्कूल जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे कंटेनर (UP-32-RN-6438) से उसकी भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि वैन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।

घायलों की पहचान
घायल छात्रों में ऋषभ यादव (पुत्र दिलीप यादव, निवासी नेवलखेड़ा, मोहनलालगंज) और शाश्वत सिंह (पुत्र योगेश सिंह, निवासी मोहनलालगंज) शामिल हैं। वैन चालक गुड्डू यादव (पुत्र भगोले यादव, निवासी ग्राम शंकरखेड़ा, मोहनलालगंज) को भी गंभीर चोटें आई हैं।
ऋषभ के सिर और आंख में गहरी चोट है, उसकी दाहिनी आंख पूरी तरह सूज गई है और खुल नहीं रही।

पुलिस ने कंटेनर ड्राइवर को हिरासत में लिया
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कंटेनर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है।

अभिभावकों का गुस्सा, स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप
घटना के बाद अभिभावकों में गुस्सा है। उनका कहना है कि स्कूल प्रबंधन ने हादसे की कोई जिम्मेदारी नहीं ली। न तो कोई प्रतिनिधि मौके पर पहुंचा, न ही अस्पताल में बच्चों का हाल जानने आया।
परिजनों ने आरोप लगाया कि स्कूल प्रशासन की यह लापरवाही माफ नहीं की जा सकती।

Back to top button