
- हत्या से 9 घंटे पहले इंस्टाग्राम पर पोस्ट की थी आखिरी फोटो
- पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपी को गिरफ्तार किया, वजह बताई गई निजी रंजिश
- टिकटॉक पर 7.25 लाख और इंस्टाग्राम पर 5 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स
इस्लामाबाद। पाकिस्तान की चर्चित सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर सना यूसुफ की उनके 17वें जन्मदिन के दिन ही गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह सनसनीखेज वारदात राजधानी इस्लामाबाद के जी-13 इलाके में हुई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक युवक रिश्तेदार बनकर घर में दाखिल हुआ और बातचीत के बाद घर के भीतर घुसकर सना पर दो गोलियां चला दीं। सना की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या से 9 घंटे पहले पोस्ट की थी आखिरी फोटो
जानकारी के मुताबिक, सना ने अपनी मौत से महज 9 घंटे पहले इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर पोस्ट की थी। सोशल मीडिया पर यह तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है। हत्या के बाद हमलावर फरार हो गया, लेकिन कुछ घंटों में ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस का दावा- आरोपी से थी पहले से पहचान
समा टीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी पंजाब का रहने वाला है और सना से उसकी पहले से जान-पहचान थी। शुरुआती जांच में हत्या की वजह व्यक्तिगत रंजिश बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी के पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया है। CCTV फुटेज की मदद से उसकी पहचान और गिरफ्तारी संभव हो सकी।
PIMS अस्पताल ले जाया गया, लेकिन जान नहीं बची
घटना के बाद सना को फौरन PIMS अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद सना का अंतिम संस्कार H-8 कब्रिस्तान में किया गया। सना की मां फरजाना यूसुफ ने इस मामले में FIR दर्ज कराई और कहा कि अगर आरोपी सामने आए तो वह उसे पहचान सकती हैं।








