करनाल में नाबालिग लड़की की हत्या का शक, भाई पर गिरी संदेह की सुई

  • करनाल में सड़क किनारे झाड़ियों में नाबालिग लड़की का शव मिला
  • मृतका की पहचान यूपी के कैराना निवासी के रूप में हुई
  • माता-पिता की मौत के बाद बहन के पास रहती थी लड़की

करनाल। करनाल जिले के इंद्री थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब उमरपुर गांव के पास सड़क किनारे झाड़ियों में एक नाबालिग लड़की का शव मिला। मृतका की पहचान उत्तर प्रदेश के कैराना निवासी के रूप में हुई है। पुलिस को शक है कि उसकी हत्या सगे भाई ने की है।संदेह

सिर पर चोट और खून के निशान

राहगीरों ने सुबह गढ़ी बीरबल-उमरपुर रोड पर शव देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बताया कि लड़की के सिर पर गहरी चोट थी, एक आंख सूजी हुई थी और नाक-मुंह से खून बह रहा था। एफएसएल टीम को बुलाकर मौके से साक्ष्य जुटाए गए।

कैराना की रहने वाली थी मृतका

एसपी गंगाराम पुनिया के अनुसार, मृतका करीब 17 साल की थी। जांच में पता चला कि उसके माता-पिता की मौत हो चुकी है और वह अपनी बहन के पास रहती थी। घटनास्थल से मिले एक चिट्ठी और मोबाइल नंबरों के आधार पर उसकी शिनाख्त हुई।

भाई पर हत्या का शक, वीडियो मिला

पुलिस को पता चला है कि घटना से पहले लड़की का अपने भाई से झगड़ा हुआ था। इस झगड़े का वीडियो भी पुलिस के हाथ लगा है। पुलिस का कहना है कि लड़की का भाई, जिसकी उम्र करीब 26 साल है, राजस्थान के इलाके में कपड़े बेचने का काम करता है और फिलहाल फरार है।

हत्या का मामला दर्ज, जांच जारी

पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है ताकि मौत के सही कारणों का पता चल सके। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।

Back to top button