
- उमस भरे मौसम ने फिर ली धैर्य की परीक्षा
- बाजारों में सन्नाटा, व्यापारियों की बिक्री प्रभावित
- बिजली कटौती ने बढ़ाई परेशानी, ओपीडी में मरीजों की संख्या बढ़ी
अम्बेडकरनगर। जिले में मंगलवार को मौसम ने एक बार फिर लोगों के धैर्य की परीक्षा ली। सुबह से ही आसमान में घने बादलों का डेरा दिखाई दिया, लेकिन वह राहत की बूंदें नहीं बरसाए। उल्टा, सूरज की आंखमिचौली और हवा की नमी ने वातावरण में इतनी उमस घोल दी कि सड़कों से लेकर दुकानों तक हर जगह पसीने से तरबतर लोग बेहाल नजर आए।
बाजार में धीमी पड़ी रफ्तार, दुकानदार भी दिखे परेशान
अकबरपुर नगर सहित टांडा, जलालपुर और भीटी कस्बों के बाजारों में सुबह से ही ग्राहकों की संख्या कम रही। दुकानें तो खुली रहीं, लेकिन भीषण उमस में लोग घरों से निकलने से बचते रहे। फुटपाथ पर सब्जी बेच रहे शंकर ने बताया, “आज बादल तो आए हैं लेकिन हवा बिल्कुल नहीं चल रही। ऊपर से सूरज कब निकल जाए, कोई भरोसा नहीं।”
सड़कों पर छाया सन्नाटा, यातायात भी सुस्त
अकबरपुर की मुख्य सड़कें, जिन पर आमतौर पर भारी भीड़ रहती है, मंगलवार को अपेक्षाकृत शांत नजर आईं। दोपहर में तापमान ने जैसे ही 35 डिग्री का आंकड़ा छुआ, लोगों ने घरों की ओर रुख किया। ई-रिक्शा और ऑटो चालक छांव में वाहन खड़ा कर आराम करते नजर आए। नगर के पटेल नगर, बस स्टेशनऔर तहसील तिराहे पर वाहनों की हलचल कम रही।









