अंबेडकरनगर की दो प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण को मिल सकती है हरी झंडी

  • दो प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण को भेजा गया 47 करोड़ का प्रस्ताव
  • अकबरपुर-दोस्तपुर मार्ग बनेगा 10 मीटर चौड़ा, मिलेगा डिवाइडर
  • कचहरी मार्ग 7 मीटर चौड़ा होकर बनेगा अधिक सुरक्षित व सुविधाजनक

अंबेडकरनगर। जिला मुख्यालय की दो प्रमुख सड़कों पर यातायात दबाव कम करने की तैयारी शुरू हो गई है। लोक निर्माण विभाग द्वारा अकबरपुर-दोस्तपुर मार्ग एवं कचहरी मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के लिए करीब 47 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया है। इस प्रस्ताव को स्वीकृति की प्रतीक्षा है। परियोजना को लेकर शासन स्तर पर सकारात्मक संकेत मिल रहे हैं।

अकबरपुर-दोस्तपुर मार्ग बनेगा दस मीटर चौड़ा
अकबरपुर से दोस्तपुर की दिशा में जाने वाला राज्यमार्ग संख्या 128 अब जाममुक्त और सुविधाजनक यातायात के लिए तैयार हो रहा है। गोहन्ना बाईपास से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे तक लगभग 16.700 किलोमीटर सड़क को दस मीटर चौड़ा किया जाएगा, जिसमें बीच में डिवाइडर भी शामिल है। इस पर 43.55 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

एस्टीमेट का ब्योरा:
सड़क चौड़ीकरण: ₹38.50 करोड़

विद्युत एवं जल निगम संसाधनों की शिफ्टिंग: ₹4.70 करोड़

पेड़ कटाई: ₹35 लाख

इस मार्ग के चौड़ीकरण से प्रतिदिन जिले से होकर गुजरने वाले हजारों वाहन चालकों को राहत मिलने की संभावना है। यह मार्ग जौनपुर, सुलतानपुर, वाराणसी, रायबरेली, अमेठी और लखनऊ से जुड़ाव का प्रमुख माध्यम है।

कचहरी मार्ग का भी होगा सुदृढ़ीकरण
जिला मुख्यालय की ओर आने वाला 900 मीटर लंबा कचहरी मार्ग, जो एनएच-128 से शुरू होकर जिलाधिकारी, सीएमओ, जिला अस्पताल, कलेक्ट्रेट, जिला न्यायालय व अन्य कार्यालयों तक जाता है, अब सात मीटर चौड़ा किया जाएगा। इस पर 3.62 करोड़ रुपये का अनुमानित खर्च प्रस्तावित है।

Back to top button