
कानपुर। रघुनंदन सिंह भदौरिया के हनुमंत विहार स्थित ई-बाइक शोरूम में चोरी की वारदात सामने आई है। चोर बगल के खाली प्लॉट में लगे नीम के पेड़ से चढ़कर शोरूम की छत पर पहुंचा और टीनशेड काटकर अंदर घुस गया।
शुक्रवार सुबह जब उनके बेटे हिमांशु शोरूम पहुंचे तो अंदर का सामान अस्त-व्यस्त मिला। जांच करने पर पता चला कि चोर दराज और गोलक तोड़कर करीब 5 हजार रुपए नकद लेकर फरार हो गया।
CCTV में कैद हुआ चोर
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और सीसीटीवी फुटेज खंगाली। फुटेज में एक अधेड़ व्यक्ति शोरूम के अंदर दराजों की तलाशी लेते हुए नजर आया है।
पुलिस जांच में जुटी
हनुमंत विहार थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।








