लखनऊ में मौसम ने बदली करवट- गर्मी से मिली राहत

  • लखनऊ में सुबह धूलभरी तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश
  • दृश्यता घटी, आसमान में धूल का गुबार छाया
  • 2 मई तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का पूर्वानुमान

लखनऊ। रविवार की सुबह लखनऊ में धूलभरी हवाएं 40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चलीं, जिससे आसमान में धूल का गुबार छा गया और सड़कें पत्तियों से पट गईं। रात का तापमान जहां 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, वहीं दिन का अधिकतम तापमान शनिवार के मुकाबले गिरकर 37 डिग्री के आसपास रहने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में पूर्वी हवाओं के प्रभाव से मौसम में बड़ा बदलाव आया है। 27 से 29 अप्रैल तक पूर्वी उत्तर प्रदेश और तराई क्षेत्र में गरज-चमक के साथ बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि हो सकती है। रविवार को भी कुछ इलाकों में हल्की बौछारें पड़ने के संकेत हैं।

मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, इस बदलाव के चलते लू जैसी स्थिति फिलहाल टल गई है। प्रदेश के 26 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 23 जिलों में तेज धूलभरी हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। पूर्वी यूपी में हवाओं की गति 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।

बारिश और हवाओं का यह दौर 30 अप्रैल से 2 मई तक भी जारी रह सकता है। इस दौरान तापमान में थोड़ी गिरावट और मौसम में ठंडक बनी रहने की उम्मीद है।

शनिवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 42.3 डिग्री दर्ज हुआ था, जो सामान्य से लगभग 2.8 डिग्री अधिक रहा। इससे पहले शुक्रवार को सीजन का सबसे गर्म दिन रहा था, जब अधिकतम तापमान 43 डिग्री तक पहुंच गया था। पिछले सप्ताह के मुकाबले तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है।

Back to top button