क्यों बोले शिखर धवन – ‘इस बार दिल को बहुत ठेस पहुंची है’?

  • पहलगाम आतंकी हमले पर शिखर धवन का भावुक बयान
  • शिखर धवन बोले – “हर भारतीय का दिल टूटा है”
  • ILC इवेंट में धवन ने जताया दुख और जताई संवेदना

जम्मू-कश्मीर । जम्मू-कश्मीर के पहलगाम की बैसरन घाटी में हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर दिया है। इस हमले में 26 लोगों की मौत हो गई, जिसके बाद से देशभर में गुस्सा और शोक की लहर है। भारतीय क्रिकेटरों ने भी इस घटना की कड़ी निंदा की है। पूर्व भारतीय ओपनर बल्लेबाज शिखर धवन ने इंटरकॉन्टिनेंटल लीजेंड्स चैंपियनशिप (ILC) की जर्सी लॉन्च के दौरान इस हमले पर दुख जताया। उन्होंने कहा, “बहुत दुख लगा। मुझे पूरा भरोसा है कि हर भारतीय इस हमले से दुखी है। मेरे पास शब्द नहीं हैं अपने दुख को व्यक्त करने के लिए। मैं यकीन रखता हूं कि हमारी सरकार पूरा एक्शन प्लान बना रही होगी। मेरी प्रार्थनाएं पीड़ितों के परिवारों के साथ हैं। इस बार दिल को बहुत ठेस पहुंची है।”

शाहिद अफरीदी को धवन का जवाब

इससे पहले, पाकिस्तानी पूर्व क्रिकेटर शाहिद अफरीदी ने पहलगाम हमले के लिए भारतीय सेना को जिम्मेदार ठहराया था। उन्होंने हमले में पाकिस्तान की भूमिका के सबूत भी मांगे थे। अफरीदी ने कहा था, “भारत में पटाखा फटता है तो पाकिस्तान को जिम्मेदार ठहराया जाता है। उनकी 8 लाख की फौज कश्मीर में है और ये हो गया? इसका मतलब या तो वे नालायक हैं या निकम्मे, जो लोगों की सुरक्षा नहीं कर सकते।” इस पर शिखर धवन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जोरदार जवाब दिया। उन्होंने लिखा, “करगिल में भी हराया था, पहले से ही इतना गिरे हुए हो और कितना गिरोगे? बेवजह कमेंट पास करने से अच्छा है कि अपने देश की तरक्की पर ध्यान दो। शाहिद अफरीदी, हमें अपनी इंडियन आर्मी पर बहुत गर्व है। भारत माता की जय। जय हिंद।”

देशभर में आक्रोश

पहलगाम हमले के बाद देशभर में आक्रोश फैला हुआ है। कई राजनीतिक दलों और सेलिब्रिटीज ने आतंकवाद की निंदा करते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। सुरक्षा बलों ने हमले में शामिल आतंकियों को ट्रैक करने की कार्रवाई तेज कर दी है। इस बीच, भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व और वर्तमान खिलाड़ी लगातार आतंकवाद के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं और सेना का समर्थन कर रहे हैं।

Back to top button