क्या अब मिलेगा प्रेमी-प्रेमिका को सुरक्षा? लड़की ने प्रशासन से लगाई गुहार

  • तीन साल से चल रहा था प्रेम संबंध, परिवार को लगी भनक तो भागने का लिया फैसला
  • वायरल वीडियो में युवती ने खुद को बताया सुरक्षित, प्रशासन से मांगी सुरक्षा
  • प्रेमी के साथ भागने की बात कबूली, कहा – ‘बहुत प्यार करती हूं, उसी के साथ जीना-मरना है

बेतिया – बिहार के बेतिया से एक प्रेमी-प्रेमिका का वीडियो सामने आया है, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी है। 20 सेकंड के इस वायरल वीडियो में युवती अपने परिजनों से भावुक अपील करती दिख रही है। उसने कहा कि वह अपनी मर्जी से अपने प्रेमी के साथ गई है और दोनों ने मिलकर भविष्य का फैसला लिया है। साथ ही उसने अपने परिजनों से प्रेमी और उसके परिवार के खिलाफ किसी भी प्रकार की कार्रवाई न करने की गुहार लगाई है। वीडियो में युवती खुद को निशा कुमारी (23) और अपने प्रेमी को सूरज कुमार (24) बताती है। दोनों बेतिया के शिकारपुर थाना क्षेत्र के निवासी हैं। निशा नरकटियागंज नगर परिषद के वार्ड संख्या 14 की रहने वाली है, जबकि सूरज वार्ड संख्या 12 का निवासी है। दोनों के बीच लगभग एक किलोमीटर की दूरी है।

27 अप्रैल को घर से भागे थे दोनों

जानकारी के अनुसार, निशा और सूरज 27 अप्रैल को घर से भाग गए थे। निशा ने वीडियो में बताया कि वह सूरज से बीते तीन वर्षों से प्रेम करती है और अब उसने अपने घरवालों की नाराज़गी के बावजूद उसके साथ जीवन बिताने का निर्णय लिया है। उसने प्रशासन से सुरक्षा मुहैया कराने की भी अपील की है।

एफआईआर दर्ज, पुलिस कर रही जांच

इधर, निशा के पिता ने 30 अप्रैल को शिकारपुर थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि सूरज बरनवाल और अन्य ने उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपहरण किया है।

Back to top button