
- जिले में भूतपूर्व सैनिकों के लिए स्वास्थ्य और सुरक्षा सुविधाओं का विस्तार प्रस्तावित
- ईसीएचएस सुविधा को लेकर रक्षा मंत्रालय को भेजा गया प्रस्ताव
- एनसीसी बटालियन स्थापना की दिशा में प्रशासनिक प्रयास तेज
अम्बेडकरनगर । जिला कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित सैनिक बंधु बैठक में भूतपूर्व सैनिकों की समस्याओं और उनके कल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा हुई। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में एनसीसी बटालियन स्थापना, गन लाइसेंस नवीनीकरण और सैनिक कार्यालय भवन निर्माण जैसे अहम मुद्दों पर प्रगति रिपोर्ट साझा की गई।
गन लाइसेंस नवीनीकरण पर सख्ती
बैठक में भूतपूर्व सैनिकों के गन लाइसेंस नवीनीकरण की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि पात्र आवेदनों का नवीनीकरण अगली बैठक से पहले पूर्ण कर लिया जाए, वहीं अयोग्य आवेदनों को निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू की जाए।
सैनिक कार्यालय भवन की प्रगति पर नजर
सैनिक कार्यालय भवन के निर्माण की प्रगति और गुणवत्ता परीक्षण के लिए समिति गठित कर दी गई है। इसके अलावा, भवन के लिए आवंटित भूमि तक पहुंच सुनिश्चित करने हेतु लगभग 7.5 विस्वा भूमि अन्यत्र समायोजित करने के निर्देश तहसीलदार अकबरपुर और अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका को दिए गए हैं।
‘भिलेज डिफेन्स ग्रुप’ के गठन का प्रस्ताव
जिले में एक विशेष ‘भिलेज डिफेन्स ग्रुप’ के गठन का सुझाव जिलाधिकारी ने रखा, जिसमें भूतपूर्व सैनिकों, अर्धसैनिक बलों, एनसीसी कैडेट्स और स्काउट गाइड्स की भागीदारी तय की जाएगी।
महिला आत्मरक्षा को मिलेगा संस्थागत रूप
महिलाओं के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण को संस्थागत स्वरूप देने हेतु बजट प्रावधान सुनिश्चित करने का निर्देश भी जिलाधिकारी ने दिया।
लंबित मामलों पर विशेष ध्यान
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी सभी लंबित मामलों की जानकारी एक्सेल फॉर्मेट में तैयार कर अगली बैठक में प्रस्तुत करें।









