
बांग्लादेश : पड़ोसी देश बांग्लादेश में खसरे का प्रकोप गंभीर स्वास्थ्य संकट का रूप ले चुका है। हाल के दिनों में इस बीमारी और उससे मिलते-जुलते लक्षणों के कारण कई बच्चों की मौत हुई है, जिससे मृतकों की कुल संख्या तेजी से बढ़कर लगभग 300 के करीब पहुंच गई है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, बीते 24 घंटों में ही मौतों में तेज उछाल देखा गया, जिसने देश की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
टीकाकरण में गिरावट बनी बड़ी वजह
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पिछले कुछ समय से वैक्सीन आपूर्ति और वितरण प्रणाली में बाधा आने के कारण टीकाकरण दर में भारी गिरावट आई है। इससे संक्रमण तेजी से फैलने लगा है। ढाका से लेकर चटगांव और सिलहट जैसे कई क्षेत्रों में संक्रमण फैल चुका है, जबकि दूरदराज इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी स्थिति को और गंभीर बना रही है।
WHO की चेतावनी और विशेषज्ञों की मांग
World Health Organization ने चेतावनी दी है कि अगर तुरंत टीकाकरण अभियान को तेज नहीं किया गया, तो हालात और बिगड़ सकते हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने सरकार से इस स्थिति को स्वास्थ्य आपातकाल घोषित करने की मांग की है। उनका कहना है कि समय पर कदम नहीं उठाए गए तो यह संकट और व्यापक हो सकता है। फिलहाल, प्रशासन स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास में जुटा है, लेकिन चुनौती लगातार बढ़ती जा रही है।









