
- बिजली विभाग के ग्रुप में आया आत्महत्या का संदेश
- पुलिस और एलआईयू टीम ने तुरंत संभाला मोर्चा
- मरैला फीडर की बिजली कटौती से बंद पड़ा प्लांट
अंबेडकरनगर। अंबेडकरनगर के अकबरपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को बिजली विभाग के एक व्हाट्सएप ग्रुप में आए एक संदेश ने पूरे सिस्टम को अलर्ट मोड पर ला दिया। संदेश में आत्महत्या की चेतावनी लिखी होने के बाद पुलिस और एलआईयू टीम ने तत्काल लोकेशन ट्रेस कर कार्रवाई शुरू की।
कुछ ही मिनटों में अकबरपुर थाना पुलिस गौहन्ना बाईपास स्थित निर्मल वाटर कंपनी पहुंची। वहां मौजूद संचालक संदीप निषाद से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित किया गया। शुरुआती पूछताछ में मामला बिजली कटौती और आर्थिक दबाव से जुड़ा सामने आया।
मरैला फीडर की बिजली बनी ‘ट्रिगर प्वाइंट’
संचालक के मुताबिक उनका प्लांट मरैला फीडर से जुड़ा है, जहां पिछले कई दिनों से लगातार बिजली की अनियमित आपूर्ति चल रही है।बिजली आती है तो कुछ ही मिनटों में कट जाती है। इसी बीच मशीनें पूरी तरह चालू भी नहीं हो पातीं। बार-बार ट्रिपिंग से पूरा उत्पादन सिस्टम ठप हो गया है।पुलिस सूत्रों के अनुसार, यही तकनीकी समस्या धीरे-धीरे आर्थिक संकट में बदल गई और तनाव बढ़ता चला गया।
व्हाट्सएप ग्रुप में लिखा संदेश बना जांच का केंद्र
घटना का सबसे संवेदनशील मोड़ तब आया जब बिजली विभाग के ग्रुप में एक संदेश पोस्ट हुआ। उसमें लिखा गया था कि संचालक पावर हाउस पहुंचकर आत्महत्या करने जा रहे हैं। संदेश वायरल होते ही मामला केवल शिकायत नहीं रहा, बल्कि सुरक्षा अलर्ट में बदल गया। पुलिस और एलआईयू ने इसे संभावित आपात स्थिति मानकर तुरंत रेस्पॉन्स दिया।









