- मोहम्मद फसीह सिद्दीकी को पाकिस्तान भेजा गया
- पाकिस्तान से आए नागरिकों का वीजा रद्द
- खुफिया टीमें पाकिस्तानी नागरिकों पर निगरानी में
वाराणसी। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले के बाद केंद्र सरकार ने पाकिस्तान से आए नागरिकों को वापस भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सोमवार को सिंध के कराची से आए एक पाकिस्तानी नागरिक मोहम्मद फसीह सिद्दीकी को भारत से पाकिस्तान भेजा गया। वह 85 वर्षीय बुजुर्ग हैं, जिन्होंने शॉर्ट टर्म वीजा पर भारत में प्रवेश किया था। उन्हें अब भारत छोड़ने के आदेश दिए गए हैं।
कड़ी सुरक्षा के बीच वापसी की प्रक्रिया
वाराणसी के कमिश्नरेट पुलिस और एलआईयू की टीम ने शनिवार को उन्हें दिल्ली रवाना किया, जहां से वे अमृतसर होते हुए सीमा तक पहुंचे। पाकिस्तान सेना ने उन्हें अटारी बार्डर पर स्वीकार किया। यह कार्रवाई केंद्र सरकार की गाइडलाइंस के तहत की गई है, जिसके अनुसार पाकिस्तान के नागरिकों का एसवीईएस वीजा रद्द कर दिया गया है।
पाकिस्तानी नागरिकों पर कड़ी निगरानी
वाराणसी में कुछ पाकिस्तानी नागरिक लांग टर्म वीजा पर रह रहे हैं, जिनमें सात महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। इनमें से अधिकांश महिलाएं भारतीय नागरिकों से शादी कर के यहां रह रही हैं। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस और खुफिया एजेंसियां लगातार इन नागरिकों पर नजर बनाए रखे हुए हैं।
खुफिया टीमें और सुरक्षा तंत्र सक्रिय
वाराणसी पुलिस और खुफिया टीमें पाकिस्तानी नागरिकों की तलाश में लगी हुई हैं, लेकिन अभी तक किसी भी अवैध ठहराव का कोई इनपुट नहीं मिला है। सुरक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क है और लगातार निगरानी की जा रही है।







