हापुड़ में जयमाला स्टेज पर दूल्हा बेहोश, दुल्हन ने शादी से किया इनकार

  • जयमाला के दौरान दूल्हा अचानक गिरा, मची अफरा-तफरी
  • अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने बताया हाई ब्लड प्रेशर
  • दुल्हन ने नशे का आरोप लगाकर शादी से किया इंकार

हापुड़। हापुड़ के कोतवाली नगर क्षेत्र में शनिवार रात एक शादी समारोह उस वक्त हंगामे में बदल गया, जब जयमाला स्टेज पर दूल्हा अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और शादी की रस्में बीच में ही रोकनी पड़ीं।

जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद के विजय नगर निवासी महेंद्र सिंह के बेटे मिंटू की बारात हापुड़ आई थी। बारात में डीजे पर नाच-गाना चल रहा था और माहौल खुशियों से भरा हुआ था। द्वार पूजा के बाद जैसे ही जयमाल की रस्म शुरू हुई, दूल्हा मिंटू स्टेज पर पहुंचा, लेकिन अचानक उसे चक्कर आया और वह बेहोश होकर गिर पड़ा।

घटना के बाद परिजन तुरंत उसे गढ़ रोड स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने बताया कि दूल्हे का ब्लड प्रेशर बढ़ने के कारण वह बेहोश हुआ था। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

उधर, दुल्हन अंजली इस घटना से आहत होकर फूट-फूटकर रोने लगी। उसने आरोप लगाया कि दूल्हा नशे में था और उसके मुंह से शराब की गंध आ रही थी। इसी आधार पर दुल्हन ने शादी से साफ इनकार कर दिया।

घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और नोकझोंक भी हुई, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। नाराज दुल्हन पक्ष ने बारात को रोक लिया और शादी रद्द कर दी। इस बीच किसी ने समारोह में फायरिंग की झूठी सूचना पुलिस को दे दी, जिससे पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button