गोरखपुर में लैंडिंग के दौरान रनवे से टकराया इंडिगो विमान का पिछला हिस्सा

कराई गई गो-अराउंड लैंडिंग- 178 यात्री थे सवार, APU के पास खरोंच मिलने के बाद विमान उड़ान से हटाया गया

गोरखपुर। दिल्ली से गोरखपुर आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 2381 की 19 अगस्त को लैंडिंग के दौरान विमान का पिछला हिस्सा एयरपोर्ट पर टकरा गया। विमान में उस समय 178 यात्री सवार थे। घटना के बाद पायलट ने सुरक्षा को देखते हुए लैंडिंग रोककर विमान को दोबारा हवा में ले गया।

कुछ देर बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से क्लीयरेंस मिलने पर विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।

जांच में मिले खरोंच के निशान

विमान के उतरने के बाद नियमित तकनीकी जांच की गई। इस दौरान विमान के पिछले हिस्से में ऑक्जिलरी पावर यूनिट (APU) के पास खरोंच के निशान मिले। इसके बाद विमान को अस्थायी रूप से उड़ान सेवा से हटा दिया गया।

फिलहाल विमान की तकनीकी जांच और मरम्मत की जा रही है। तकनीकी मंजूरी मिलने के बाद ही इसे दोबारा उड़ान में शामिल किया जाएगा।

सुरक्षा के लिए लिया गया गो-अराउंड का फैसला

इंडिगो के प्रवक्ता के मुताबिक, विमान को गो-अराउंड कराने का फैसला पूरी तरह सुरक्षा को ध्यान में रखकर लिया गया। एयरलाइन ने कहा कि यात्रियों, क्रू और विमान की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

दूसरी फ्लाइट 5.30 घंटे लेट

घटना का असर गोरखपुर से दिल्ली जाने वाली दूसरी इंडिगो फ्लाइट 6E-5013 पर भी पड़ा। यह फ्लाइट निर्धारित समय से करीब 5 घंटे 30 मिनट की देरी से रवाना हुई। देरी के कारण कई यात्रियों की कनेक्टिंग फ्लाइट और जरूरी काम प्रभावित हुए।

यात्रियों को दिया गया वैकल्पिक विकल्प

इंडिगो ने यात्रियों के लिए वैकल्पिक विमान VT-IBC की व्यवस्था की। एयरपोर्ट पर इंतजार कर रहे यात्रियों को नाश्ता और भोजन उपलब्ध कराया गया। जिन यात्रियों को तत्काल यात्रा करनी थी, उन्हें वैकल्पिक फ्लाइट का विकल्प दिया गया, जबकि अन्य यात्रियों को नियमानुसार रिफंड की सुविधा दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button