• पुलिसकर्मियों के लिए मिली नई सुविधा – भोजनालय का हुआ शुभारंभ

  • एसपी केशव कुमार ने किया आधुनिक भोजनालय का उद्घाटन

  • स्वच्छता और संतुलित आहार की ओर एक सकारात्मक पहल

अकबरपुर/अम्बेडकरनगर। थाना कोतवाली अकबरपुर में पुलिसकर्मियों के कल्याण और कार्यदक्षता को ध्यान में रखते हुए नवनिर्मित भोजनालय कक्ष का उद्घाटन किया गया। पुलिस अधीक्षक केशव कुमार चौहान ने सोमवार को फीता काटकर इस सुविधा का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह भोजनालय दिन-रात जनसेवा में तत्पर पुलिसकर्मियों को स्वच्छ व पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराकर उनकी ऊर्जा बनाए रखने में मदद करेगा।

आधुनिक सुविधाओं से लैस है भोजनालय

नए भोजनालय में स्वच्छता, व्यवस्थित बैठक व्यवस्था और गुणवत्तापूर्ण भोजन पर विशेष ध्यान दिया गया है। मेन्यू में पौष्टिक आहार को प्राथमिकता दी गई है, ताकि कर्मियों को संतुलित खुराक मिल सके। एसपी ने कहा, “पुलिसकर्मी अक्सर लंबे ड्यूटी घंटों में भोजन से वंचित रह जाते हैं। यह सुविधा उनके स्वास्थ्य और कार्यकुशलता को बढ़ाएगी।”

गुणवत्ता की जांच की, दिए निर्देश

उद्घाटन के बाद एसपी ने भोजनालय की रसोई और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भोजनालय का संचालन पारदर्शी तरीके से हो और सभी कर्मियों को समान सुविधा मिले। साथ ही, परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी/पूर्वी), क्षेत्राधिकारी नगर, भीटी व नितीश कुमार, कोतवाली प्रभारी व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Back to top button