दिल्ली में 11 वर्षीय बच्ची से दरिंदगी, रेप के बाद हत्या, टैक्सी ड्राइवर गिरफ्तार

महरौली के जंगलों में मिला शव, चार घंटे में आरोपी पकड़ा गया, जुर्म कबूल।

नई दिल्ली। दिल्ली में मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां गुब्बारे बेचने वाली 11 वर्षीय बच्ची के साथ रेप के बाद हत्या कर दी गई। सोमवार सुबह फुटपाथ पर सो रही बच्ची को एक टैक्सी ड्राइवर ने किडनैप कर लिया और बाद में उसकी हत्या कर शव महरौली के जंगलों में फेंक दिया।

घटना के बाद सोमवार सुबह करीब 6 बजे परिवार ने PCR कॉल कर महरौली थाने में बच्ची की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने CCTV फुटेज और अन्य सुरागों की मदद से मात्र चार घंटे के भीतर आरोपी टैक्सी ड्राइवर बबलू को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर बच्ची का शव बरामद कर लिया है और उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, आरोपी ने बच्ची को सीडीआर चौक के पास फुटपाथ पर सोते हुए देखा और उसे कार में उठाकर महरौली के जंगलों में ले गया, जहां उसने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया।

पीड़ित परिवार मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और आर्थिक तंगी के चलते फुटपाथ पर रहने को मजबूर था। बच्ची गुब्बारे बेचकर परिवार का सहयोग करती थी, जबकि माता-पिता दिहाड़ी मजदूरी करते हैं। परिवार में चार बच्चे हैं।

वहीं आरोपी भी बिहार का ही रहने वाला बताया जा रहा है और एप-बेस्ड कैब चालक है। उसके खिलाफ पहले से मारपीट और नशे में वाहन चलाने के कई मामले दर्ज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button