15 साल के वैभव सूर्यवंशी को टीम इंडिया में मौका

आयरलैंड-इंग्लैंड दौरे पर रवाना

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी मंगलवार को सीनियर टीम इंडिया के साथ आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए रवाना हो गए। रवाना होने से पहले BCCI की ओर से उन्हें नंबर-3 जर्सी सौंपी गई, जिसे देखकर वह भावुक नजर आए। भारतीय टीम के थ्रो डाउन स्पेशलिस्ट रघु ने उन्हें जर्सी दी। जर्सी लेने से पहले सूर्यवंशी ने रघु के पैर छूकर आशीर्वाद लिया और उनका सम्मान किया।

15 वर्षीय सूर्यवंशी पहली बार भारतीय सीनियर टीम में शामिल किए गए हैं। वह भारत की राष्ट्रीय टीम में चयनित होने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने कहा कि इस पल को शब्दों में बयां करना मुश्किल है। बचपन में बल्ला हाथ में लेकर जो सपना देखा था, वह अब पूरा हो गया है।

भारतीय टीम का आयरलैंड दौरा 26 जून से शुरू होगा, जबकि इंग्लैंड दौरा 1 जुलाई से आरंभ होगा। माना जा रहा है कि सूर्यवंशी बेलफास्ट में होने वाले मुकाबले से इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू कर सकते हैं। यदि ऐसा होता है तो वह 15 साल की उम्र में भारत के लिए खेलने वाले सबसे युवा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर बन जाएंगे और सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ देंगे।

वैभव सूर्यवंशी ने IPL 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑरेंज कैप जीती थी। उन्होंने 16 मैचों में 776 रन बनाए थे, जिसमें एक शतक और पांच अर्धशतक शामिल थे। वह सबसे कम उम्र में ऑरेंज कैप जीतने वाले खिलाड़ी भी बने।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button