खेत तालाब योजना के लिए 16 लक्ष्य तय

किसानों को मिलेगा 52,500 रुपये तक अनुदान

  • ई-लॉटरी से होगा किसानों का चयन
  • 30 दिन में खुदवाना होगा तालाब
  • योजना के लिए जिले में 16 लक्ष्य निर्धारित

अम्बेडकरनगर। अम्बेडकरनगर में वर्षा जल संचयन और सिंचाई सुविधा बढ़ाने के लिए खेत तालाब योजना के तहत किसानों को अनुदान दिया जाएगा। भूमि संरक्षण विभाग को वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जनपद में 16 लक्ष्य आवंटित किए गए हैं। किसानों का चयन कृषि विभाग के दर्शन पोर्टल के जरिए ई-लॉटरी और ऑटो कन्फर्म प्रक्रिया से किया जाएगा।

भूमि संरक्षण अधिकारी बृजेश कुमार ने बताया कि योजना राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत “ड्रॉप मोर क्रॉप” उपघटक में संचालित की जा रही है। योजना का उद्देश्य वर्षा जल का संरक्षण, भूगर्भ जल स्तर बढ़ाना और किसानों को अतिरिक्त आय के अवसर उपलब्ध कराना है।

पोर्टल पर ऑनलाइन करना होगा आवेदन

योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को कृषि विभाग के दर्शन पोर्टल 1.0 पर ऑनलाइन बुकिंग करनी होगी। पोर्टल से टोकन कन्फर्म होने के बाद किसानों को 1000 रुपये टोकन मनी ऑनलाइन जमा करनी होगी।

इसके बाद किसान को 10 दिन के भीतर खतौनी, खेत की फोटो और निर्धारित घोषणा पत्र पोर्टल पर अपलोड करना होगा। तय समय तक दस्तावेज अपलोड न करने या टोकन मनी जमा न करने पर आवेदन स्वतः निरस्त हो जाएगा और टोकन राशि जब्त कर ली जाएगी।

30 दिन में खुदवाना होगा तालाब

दस्तावेज अपलोड होने के बाद भूमि संरक्षण अधिकारी स्थलीय निरीक्षण करेंगे। भूमि उपयुक्त पाए जाने पर किसान को 30 दिन के भीतर तालाब खुदवाना होगा। तालाब की खुदाई मशीन से कराई जाएगी।

लघु खेत तालाब का आकार 22 मीटर × 20 मीटर × 3 मीटर निर्धारित किया गया है। इसकी कुल लागत 1 लाख 5 हजार रुपये तय की गई है। किसानों को लागत का 50 प्रतिशत यानी 52,500 रुपये अनुदान के रूप में मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button