अम्बेडकरनगर। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर जनपद में 13 और 14 जून को विशेष यातायात प्रवर्तन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान यातायात पुलिस और स्थानीय पुलिस ने सभी थाना क्षेत्रों में संयुक्त रूप से सघन चेकिंग की।
अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराना रहा। इस दौरान नशे की हालत में वाहन चलाने, मानक नंबर प्लेट और एचएसआरपी के नियमों का उल्लंघन करने, अनधिकृत मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने तथा ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
दो दिनों में 32 वाहनों पर कार्रवाई
यातायात विभाग की संयुक्त टीम ने अभियान के दौरान नशे की अवस्था में वाहन चलाने वाले पांच चालकों का चालान किया। मानक नंबर प्लेट और एचएसआरपी संबंधी नियमों के उल्लंघन पर आठ वाहनों के खिलाफ कार्रवाई हुई। वहीं सात वाहनों पर अनधिकृत मॉडिफाइड साइलेंसर और 12 वाहनों पर ध्वनि प्रदूषण के मामले में चालान किया गया।
जून में अब तक 3614 वाहनों के चालान
यातायात पुलिस के अनुसार जून माह में अब तक कुल 3614 वाहनों का चालान किया जा चुका है। इसके अलावा 57 वाहनों से 59 हजार रुपये शमन शुल्क के रूप में वसूले गए हैं। नियमों के उल्लंघन पर 10 वाहनों को सीज भी किया गया है।
नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्ती
एक जून से अब तक 1489 वाहन चालकों की जांच की गई। जांच के दौरान 10 चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित ड्राइविंग की अपील की है।









