
- पूर्व केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर के नेतृत्व में 42 किलोमीटर दौड़
- हजारों लोगों ने बढ़ाया फिटनेस और नशामुक्त भारत का संदेश
- भाजपा के धर्मपाल सिंह और डॉ. दिनेश शर्मा ने किया शुभारंभ
लखनऊ। राजधानी लखनऊ रविवार को फिटनेस, अनुशासन और नशामुक्त जीवनशैली के प्रतीक के रूप में उभरा, जब पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं सांसद कौशल किशोर के नेतृत्व में 42 किलोमीटर लंबी “नशामुक्त फुल मैराथन” का आयोजन किया गया। इस मैराथन में शहर के हजारों लोगों ने हिस्सा लिया और ‘फिट इंडिया-नशामुक्त भारत’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया।
यह दौड़ जॉगर्स पार्क से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पूरी हुई। भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह और राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम का शुभारंभ हरी झंडी दिखाकर किया।
पूर्व केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर ने इस मौके पर कहा कि यह मैराथन केवल दौड़ नहीं, बल्कि अनुशासन, धैर्य और संकल्प की मिसाल है। उन्होंने नशामुक्त भारत और स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने की अहमियत पर जोर देते हुए कहा कि यह प्रयास समाज में सकारात्मकता और जागरूकता फैलाने के लिए है।
मैराथन में युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और फिटनेस समूहों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। शहर के लोग रास्तों पर खड़े होकर धावकों का उत्साहवर्धन करते नजर आए।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि फिटनेस केवल शारीरिक नहीं, मानसिक भी आवश्यक है। नशे से दूर रहकर अनुशासित जीवन जीना देशसेवा का सच्चा रूप है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ को जन-जन तक पहुंचाने में ऐसे आयोजनों की भूमिका की सराहना की।









