
- 5 दोस्त गंगा में नहाने गए, अचानक डूबने लगे
- चीख-पुकार सुन गोताखोरों ने 2 को बचाया
- 1 घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन में 3 शव बरामद
प्रयागराज। प्रयागराज के थरवई थाना क्षेत्र के मनसैता गांव में सोमवार को दर्दनाक हादसा हो गया, जब बाढ़ के कारण उफनाई गंगा नदी में नहाने गए 5 किशोरों में से 3 की डूबने से मौत हो गई। वहीं दो को समय रहते गोताखोरों ने बचा लिया।
हादसा उस समय हुआ जब भीम कुंडा मंदिर के पीछे गंगा में नहाते समय राजन पाल (14), लकी पाल (15), उत्कर्ष पाल (16), शिवम पाल (14) और अमन पाल (8) अचानक डूबने लगे। चीख-पुकार सुनकर नाविकों और गोताखोरों ने फौरन नदी में छलांग लगाई और शिवम व अमन को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
सूचना मिलते ही एनडीआरएफ और जल पुलिस की तीन टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद राजन उर्फ शशांक पाल, लकी पाल और उत्कर्ष पाल के शव बरामद कर लिए गए।
मृतकों में राजन और उत्कर्ष चचेरे भाई बताए गए हैं, जबकि लकी उनका सहपाठी था। राजन के पिता मनोज कुमार पाल यूपी बोर्ड कार्यालय में क्लर्क हैं। उन्होंने बताया कि उत्कर्ष उनके घर आया था और राजन को नहाने के लिए बुलाकर ले गया।
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम सोरांव, एसीपी समेत प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों को सांत्वना दी। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
गांव में शोक की लहर है और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर जुटी रही।








