कानपुर में 50 हजार का इनामी बदमाश सरदार के भेष में कोर्ट पहुंचा

कानपुर। 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश दीपक जादौन ने मंगलवार को चौंकाने वाले अंदाज़ में कोर्ट में सरेंडर कर दिया। पुलिस को चकमा देने के लिए वह सरदार के भेष में कोर्ट पहुंचा। अपने वकील जितेंद्र कुमार के साथ एसीजे जूनियर डिवीजन-4 मनीषा गुप्ता की अदालत में सरेंडर करने के बाद उसे पुलिस अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

दीनू उपाध्याय गैंग से जुड़ा अपराधी

दीपक जादौन नौबस्ता थाना क्षेत्र के यशोदा नगर का रहने वाला है और जेल में बंद कुख्यात अपराधी दीनू उपाध्याय गैंग का सदस्य है। दीनू के खिलाफ जमीन कब्जाने, अपहरण और रंगदारी वसूलने के कई मामले दर्ज हैं।

अखिलेश दुबे गैंग से भी कनेक्शन

दीपक का नाम अखिलेश दुबे गैंग से भी जुड़ा हुआ है। एफआईआर दर्ज होने के बाद वह घर छोड़कर फरार हो गया था। पुलिस ने उसकी तलाश में कानपुर से लेकर एमपी और राजस्थान तक कई बार छापेमारी की, लेकिन सफलता नहीं मिली।

भेष बदलकर दिया पुलिस को चकमा

मंगलवार को सरेंडर के समय दीपक ने सरदार का रूप धारण कर पुलिस को गुमराह किया। इस दौरान कोई भी पुलिसकर्मी उसे पहचान नहीं सका। कोर्ट में पेश होने के बाद उसे पुलिस ने हिरासत में लेकर जेल भेज दिया।

Back to top button