
कानपुर। कानपुर के पनकी हाईवे पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हाईवे पर खड़े डंपर में पीछे से तेज रफ्तार ऑटो-रिक्शा टकरा गया। इस हादसे में ऑटो में सवार 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के मुताबिक, डंपर का टायर पंचर हो गया था और हादसे के समय ड्राइवर व क्लीनर सड़क किनारे खड़े होकर पहिया बदल रहे थे। तभी भौंती की ओर से आ रहा तेज रफ्तार ऑटो अचानक डंपर में जा घुसा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पनकी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को हैलट अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान एक और युवक ने दम तोड़ दिया। फिलहाल तीन घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है।









