69000 शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों ने अनुप्रिया पटेल का आवास घेरा

  • 69000 शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों का लखनऊ में प्रदर्शन
  • केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल का आवास घेरा
  • 6800 सीटों पर नियुक्ति की रखी मांग

लखनऊ में 69000 शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों ने बुधवार को हंगामा किया। अभ्यर्थियों ने 6800 सीटों पर नियुक्ति की मांग को लेकर केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल के आवास का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि वे पिछले चार साल से संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी सुनवाई नहीं कर रही है।

लगातार मंत्रियों के आवास घेर रहे अभ्यर्थी

अभ्यर्थियों ने बताया कि इससे पहले सोमवार को उन्होंने शिक्षा मंत्री संदीप सिंह का आवास और मंगलवार को डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का आवास घेरा था। बुधवार को अनुप्रिया पटेल के दरवाजे पर भी करीब एक घंटे तक डटे रहे, लेकिन कोई मुलाकात करने नहीं आया।

“चार साल से सड़क पर हैं, कोई सुनवाई नहीं”

अभ्यर्थी अमित मौर्य ने कहा,
“4 साल से हम लोग सड़कों पर घसीटे जा रहे हैं। हाई कोर्ट डबल बेंच से हम जीते हैं, लेकिन मामला सुप्रीम कोर्ट में लंबित है। एक साल में 20 डेट लगीं, मगर सरकार की तरफ से कोई पेश नहीं हुआ। अधिकारियों के पास जाते हैं तो धमकी मिलती है कि चाहे घेराव करो, अर्जेंसी नहीं लगाएंगे।”

हिरासत में भेजे गए अभ्यर्थी

आंदोलन के दौरान पुलिस ने अभ्यर्थियों को हिरासत में लेकर इको गार्डन भेज दिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों में नोकझोंक भी हुई। अभ्यर्थियों का आरोप है कि “जब भी हम अधिकार मांगने आते हैं तो मंत्री नहीं, पुलिस पहले पहुंच जाती है। हमारी आवाज दबा दी जाती है।”

Back to top button